बिहार के Muzaffarpur स्थित सेना भर्ती कार्यालय में 17 से 28 फरवरी तक अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जा रही है। शुक्रवार (21 फरवरी) को चक्कर मैदान में नौ जिलों के अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा के तहत दौड़ में हिस्सा लेंगे। इनमें दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण सहित अन्य जिले शामिल हैं।
अग्निवीर टेक्निकल और क्लर्क पदों के लिए भी चयन प्रक्रिया जारी है। पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, दरभंगा, मधुबनी और मुजफ्फरपुर के अभ्यर्थी इन श्रेणियों में दौड़ और अन्य शारीरिक मानकों की परीक्षा देंगे। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 15 जिलों को कवर किया जा रहा है और करीब साढ़े सात हजार युवाओं के चयन का लक्ष्य निर्धारित है।
भर्ती के तीसरे दिन जनरल ड्यूटी श्रेणी में मुजफ्फरपुर, मधुबनी और शिवहर के लगभग 1100 अभ्यर्थियों ने दौड़ लगाई। दौड़ के दौरान एक अभ्यर्थी को मांसपेशियों में ऐंठन (क्रैंप) की समस्या हुई, लेकिन तैनात सुरक्षाकर्मियों और मेडिकल टीम ने तुरंत सहायता पहुंचाई। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति सामान्य बताई गई।
आयोजकों के अनुसार भर्ती प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए मैदान में सुरक्षा, मेडिकल और प्रशासनिक व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद रखी गई हैं, ताकि चयन पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।
Comments are closed.