मौसम अपडेट: उत्तराखंड में बर्फबारी के आसार, कई राज्यों में बारिश; जानें दिल्ली-NCR में कब मिलेगी राहत

2

हिमालयी क्षेत्रों में मौसम में बदलाव आने वाला है। भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दो पश्चिमी विक्षोभ 26 से 28 फरवरी और 2 से 3 मार्च के बीच सक्रिय रहेंगे, जिससे पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। हालांकि मैदानी क्षेत्रों पर इसका असर सीमित रहने की संभावना है।

जम्मू-कश्मीर में 26 और 27 फरवरी, हिमाचल प्रदेश में 27 और 28 फरवरी, और उत्तराखंड में इसी अवधि में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। पंजाब और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में 26 फरवरी तक सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है।

उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में तापमान में तेजी से वृद्धि होगी। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री बढ़ने की संभावना है। दिल्ली में अगले हफ्ते पारा तेजी से बढ़ते हुए 27 फरवरी को 30-32 डिग्री और 3 मार्च को होली से पहले 34 डिग्री तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान भी 15-17 डिग्री के स्तर तक बढ़ने का अनुमान है। आसमान साफ रहेगा, लेकिन सुबह हल्की धुंध देखने को मिल सकती है।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, फरवरी में पश्चिमी विक्षोभ कम सक्रिय रहे, इसलिए उत्तर भारत में व्यापक बारिश नहीं हुई। यही कारण है कि तापमान तेजी से बढ़ा है और दिन में कई जगह तेज धूप का अनुभव होगा।

दक्षिण भारत में भी बारिश के आसार हैं। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 30-40 किमी/घंटा की हवाओं की संभावना है। इसके अलावा, हिमालयी क्षेत्र, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। विशेष रूप से कर्नाटक और तेलंगाना में 26 फरवरी को बारिश की संभावना है।

Comments are closed.