ईरान से बढ़ते तनाव के बीच US ने टेस्ट की ‘Doomsday’ मिसाइल, दुनिया में कहीं भी कर सकती है हमला

3

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने अपनी शक्तिशाली अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल ‘मिनटमैन-III’ का परीक्षण किया है। परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम यह मिसाइल अमेरिका की रणनीतिक सैन्य क्षमता का अहम हिस्सा मानी जाती है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह परीक्षण कैलिफोर्निया स्थित Vandenberg Space Force Base से किया गया। देर रात लॉन्च की गई LGM‑30G Minuteman III मिसाइल ने हजारों किलोमीटर की दूरी तय करते हुए पश्चिम-मध्य प्रशांत महासागर में Marshall Islands के पास निर्धारित लक्ष्य क्षेत्र में जाकर गिरकर अपना मिशन पूरा किया।

तनाव के बीच परीक्षण से बढ़ी चर्चा

मिडिल ईस्ट में जारी टकराव के बीच इस मिसाइल परीक्षण ने वैश्विक स्तर पर चर्चा तेज कर दी है। हालांकि United States Air Force Global Strike Command ने स्पष्ट किया कि यह एक नियमित और पहले से निर्धारित परीक्षण था।

अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के परीक्षण दशकों से किए जाते रहे हैं। इनसे मिसाइल प्रणाली की सटीकता, विश्वसनीयता और ऑपरेशनल क्षमता का आकलन किया जाता है, ताकि अमेरिका की परमाणु प्रतिरोधक क्षमता मजबूत बनी रहे।

क्यों किया गया परीक्षण

अमेरिकी रक्षा अधिकारियों के अनुसार इस लॉन्च का मुख्य उद्देश्य जमीन से दागी जाने वाली परमाणु मिसाइल प्रणाली की तैयारी और प्रभावशीलता की जांच करना था। परीक्षण से प्राप्त डेटा भविष्य के सैन्य विकास और हथियार प्रणालियों के सुधार में उपयोग किया जाता है।

कितनी खतरनाक है ‘मिनुटमैन-III’

LGM‑30G Minuteman III अमेरिका की साइलो-आधारित, जमीन से दागी जाने वाली प्रमुख परमाणु-सक्षम मिसाइलों में से एक है। यह लंबी दूरी तक सटीक हमला करने में सक्षम है और इसमें एक से अधिक री-एंट्री व्हीकल ले जाने की क्षमता होती है। लक्ष्य के करीब पहुंचने पर ये वारहेड अलग-अलग दिशा में गिर सकते हैं, जिससे इसकी मारक क्षमता और भी बढ़ जाती है। यही कारण है कि इसे दुनिया की सबसे शक्तिशाली रणनीतिक मिसाइल प्रणालियों में गिना जाता है।

Comments are closed.