उत्तर भारत में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। मैदानी इलाकों में जहां गर्मी का असर बढ़ने लगा है, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से ठंडक बनी हुई है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिससे अगले 24 से 48 घंटों में कई राज्यों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में आज आंशिक बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम करीब 17 डिग्री रहने का अनुमान है। दिनभर बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बूंदाबांदी और हवा चलने से मौसम सुहावना हो सकता है।
उत्तर प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और दिन में तेज धूप का असर दिख रहा है, हालांकि सुबह-शाम हल्की राहत बनी हुई है। पूर्वी यूपी में सुबह हल्के बादल रह सकते हैं, लेकिन दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ हो जाएगा। वहीं पश्चिमी यूपी के मेरठ, सहारनपुर, रामपुर, अलीगढ़, बरेली और मुरादाबाद में शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
पंजाब और हरियाणा में तापमान 32 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है, लेकिन 26 मार्च से यहां भी हल्की बारिश के आसार हैं।
वहीं पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री के आसपास रह सकता है, जबकि शिमला में बादलों के बीच मौसम सुहावना बना रहेगा।
कुल मिलाकर, अगले दो दिनों में उत्तर भारत में मौसम का यह उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है।
Comments are closed.