Bihar में अब पुलिस से जुड़ी कई जरूरी सेवाएं घर बैठे ऑनलाइन मिलेंगी, जिससे आम लोगों को थाने जाने की जरूरत काफी हद तक खत्म हो जाएगी। सरकार ने इसके लिए स्मार्ट नागरिक सेवा पोर्टल लॉन्च किया है, जो डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
इस पोर्टल के जरिए किराएदार, घरेलू सहायक या ड्राइवर का वेरिफिकेशन आसानी से कराया जा सकता है। इसके अलावा लापता या अपहृत व्यक्ति की रिपोर्ट दर्ज करना, खोई या बरामद संपत्ति की जानकारी देना और अज्ञात व्यक्तियों से जुड़ी सूचनाएं हासिल करना भी संभव है। पोर्टल की खासियत यह है कि बिना लॉग इन किए भी एफआईआर की कॉपी प्राप्त की जा सकती है। साथ ही नागरिक गुप्त जानकारी साझा कर सकते हैं और वांछित या इनामी अपराधियों का विवरण भी देख सकते हैं, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी।
लॉग इन करने के बाद यूजर्स को ई-शिकायत, सत्यापन सेवाएं, पंजीकरण और अन्य कई सुविधाएं मिलती हैं। इससे पुलिस और जनता के बीच समन्वय बेहतर होगा और शिकायतों के निस्तारण में तेजी आएगी। नई व्यवस्था से अब लोगों को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए थाने का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा, जिससे समय की बचत के साथ सुविधाएं भी ज्यादा आसान हो जाएंगी।
Comments are closed.