दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन की तारीख घोषित, PM मोदी करेंगे लोकार्पण

1

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन की तारीख का ऐलान हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को इसका उद्घाटन करेंगे और इसके साथ ही यह आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।

परियोजना को लेकर तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। इससे पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्सप्रेसवे का एक वीडियो साझा कर इसकी झलक दिखाई थी। एक्सप्रेसवे के चालू होने से दिल्ली से देहरादून का सफर काफी तेज और सुगम हो जाएगा। यात्रा का समय घटकर करीब ढाई घंटे रह जाएगा, जबकि अभी यह दूरी तय करने में 5 से 6 घंटे तक लगते हैं। कुल दूरी भी कम होकर लगभग 213 किलोमीटर रह जाएगी।

इस परियोजना का कुछ हिस्सा पहले ही जनता के लिए खोला जा चुका है। अक्षरधाम से बागपत तक करीब 18 किलोमीटर का हिस्सा पहले से चालू है। अब 14 अप्रैल, यानी आंबेडकर जयंती के मौके पर पूरे एक्सप्रेसवे को एक साथ शुरू किया जाएगा।

करीब 13,000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह एक्सप्रेसवे उत्तर-पूर्वी दिल्ली से शुरू होकर बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर के रास्ते देहरादून तक जाएगा।

इस एक्सप्रेसवे की एक बड़ी खासियत इसका पर्यावरण के अनुकूल निर्माण है। इसका अंतिम हिस्सा राजाजी नेशनल पार्क के इको-सेंसिटिव जोन से होकर गुजरता है। वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यहां लगभग 12 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर बनाया गया है, जिसे एशिया का सबसे लंबा माना जा रहा है। इसके अलावा 340 मीटर लंबी सुरंग भी बनाई गई है, जिससे जानवरों की आवाजाही प्रभावित न हो।

देहरादून में डाट काली मंदिर के पास बनी यह सुरंग और गणेशपुर-देहरादून सेक्शन में बनाए गए कई ‘एनिमल पैसेज’ वन्यजीवों और वाहनों के बीच टकराव को कम करने में मदद करेंगे, जिससे सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण दोनों को बढ़ावा मिलेगा।

Comments are closed.