दिल्ली-एनसीआर में कल बारिश की संभावना, तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट

1

रविवार की सुबह आसमान में हल्के बादल छाए रहे, लेकिन दिन बढ़ने के साथ मौसम साफ हो गया और तेज धूप निकल आई। पूरे दिन साफ आसमान रहने से तापमान में शनिवार की तुलना में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, मंगलवार को एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। इस दौरान तेज हवाएं चलने के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

रविवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम रहा। वहीं अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 1.3 डिग्री नीचे दर्ज हुआ। शाम 5:30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 46 प्रतिशत रही।

मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दिन अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

वहीं, दिल्ली की हवा फिलहाल मध्यम श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक रविवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 134 दर्ज किया गया, जो शनिवार के 137 के मुकाबले थोड़ा बेहतर है। आने वाले दिनों में भी एक्यूआई में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।

Comments are closed.