होर्मुज जलमार्ग पर बढ़ते तनाव और ईरान के साथ नाजुक युद्धविराम के बीच बड़ा घटनाक्रम सामने आया है।
अमेरिकी नौसेना के शीर्ष नागरिक अधिकारी, नौसेना सचिव जॉन फेलन ने ट्रंप प्रशासन से अचानक इस्तीफा दे दिया है। पेंटागन ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि फेलन तत्काल प्रभाव से पद छोड़ रहे हैं। पेंटागन ने इस्तीफे की वजह पर चुप्पी साधे रखी है। प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संक्षिप्त बयान जारी कर फेलन की सेवाओं की सराहना की, लेकिन उनके जाने के कारणों का खुलासा नहीं किया।
यह इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब क्षेत्रीय हालात बेहद संवेदनशील हैं और अमेरिका-ईरान के बीच तनाव चरम पर बना हुआ है। खास बात यह है कि फेलन ने इस्तीफे से कुछ ही घंटे पहले वाशिंगटन डीसी में नौसेना के वार्षिक सम्मेलन में हिस्सा लिया था, जहां उन्होंने अपने एजेंडे पर विस्तार से बात की थी।
रक्षा विभाग में हालिया फेरबदल के बीच इस इस्तीफे को अहम माना जा रहा है। इससे पहले रक्षा सचिव पीट हेगसेथ सेना के शीर्ष अधिकारी जनरल रैंडी जॉर्ज को भी पद से हटा चुके हैं। बीते महीनों में कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों और रक्षा नेताओं को हटाया या बदला गया है, जिससे पेंटागन के भीतर नेतृत्व में बदलाव की लहर जारी है।
जॉन फेलन ट्रंप के चुनाव अभियान के प्रमुख दानदाताओं में शामिल रहे हैं और निजी निवेश फर्म रगर मैनेजमेंट एलएलसी के संस्थापक हैं। सैन्य क्षेत्र में उनका अनुभव सीमित रहा, हालांकि उन्होंने “स्पिरिट ऑफ अमेरिका” नामक गैर-लाभकारी संस्था में सलाहकार के रूप में काम किया था, जो यूक्रेन और ताइवान की रक्षा से जुड़े प्रयासों का समर्थन करती है।
Comments are closed.