मतदान से पहले बंगाल की ओर पलायन, हजारों प्रवासी मजदूर घर लौटे

4

बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से पहले प्रवासी श्रमिकों की बड़े पैमाने पर घर वापसी देखने को मिल रही है।

देश के अलग-अलग हिस्सों में काम कर रहे हजारों मजदूर अपने गृह जिलों—मालदा, मुर्शिदाबाद, कूचबिहार, उत्तर दिनाजपुर और अलीपुरद्वार—लौट रहे हैं, जहां गुरुवार को वोट डाले जाएंगे।

कई श्रमिकों के बीच यह आशंका है कि मतदान में हिस्सा नहीं लेने पर उनका नाम मतदाता सूची से हट सकता है। इसी वजह से मुर्शिदाबाद के समायूं शेख जैसे लोग ओडिशा के संबलपुर से अपने साथियों के साथ बस बुक कर वापस लौटे हैं। गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली, आंध्र प्रदेश और ओडिशा से भी बड़ी संख्या में मजदूर बंगाल पहुंच रहे हैं, जिनमें से कई मतदान के दिन सुबह तक अपने घरों तक पहुंच जाएंगे।

राजनीतिक दलों ने भी प्रवासी मतदाताओं की वापसी को लेकर पहल की है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य के मुताबिक, मजदूरों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है।

वहीं, चुनाव की घोषणा के बाद से राज्य में निगरानी और सख्ती बढ़ा दी गई है। निर्वाचन आयोग के अनुसार अब तक करीब 472 करोड़ रुपये की नकदी, शराब, मादक पदार्थ और अन्य सामान जब्त किए जा चुके हैं। इसमें लगभग 27 करोड़ रुपये नकद, 102 करोड़ रुपये से अधिक की शराब और 108 करोड़ रुपये से ज्यादा के मादक पदार्थ शामिल हैं।

आयोग ने बताया कि 15 मार्च से आचार संहिता लागू होने के बाद कार्रवाई तेज कर दी गई, जबकि जब्ती की प्रक्रिया 26 फरवरी से ही शुरू कर दी गई थी।

Comments are closed.