श्रीलंका में वित्त मंत्रालय के कंप्यूटर सिस्टम में सेंध लगाकर साइबर अपराधियों ने करीब 25 लाख डॉलर (लगभग 21 करोड़ रुपये) की रकम उड़ा ली। यह धनराशि विदेशी ऋण भुगतान के लिए निर्धारित बताई जा रही है।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब देश 2022 के गंभीर आर्थिक संकट के बाद वित्तीय स्थिति को पटरी पर लाने की कोशिश कर रहा है। ऐसे में यह साइबर हमला सरकार के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
सरकारी अधिकारियों के अनुसार, यह किसी सरकारी संस्थान में अब तक की सबसे बड़ी डिजिटल चोरी है। वित्त मंत्रालय के सचिव हर्षना सुरियाप्पेरुमा ने बताया कि हैकिंग ईमेल के जरिए की गई और शुरुआती स्तर पर ही संदिग्ध गतिविधियों का पता चल गया था। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
लापरवाही के आरोप में सार्वजनिक ऋण प्रबंधन कार्यालय (PDMO) के चार वरिष्ठ अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। सरकार यह भी जांच कर रही है कि सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच में अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ भी समन्वय किया जा रहा है, ताकि पूरी साजिश और पैसों के ट्रेल का पता लगाया जा सके।
Comments are closed.