प्रेस इन्फारमेशन ब्यूरो (PIB) ने सोशल मीडिया पर वायरल उस दावे को खारिज कर दिया है, जिसमें पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी की बात कही जा रही थी।
वायरल पोस्ट में दावा किया गया था कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने पेट्रोल के दाम 10 रुपये और डीजल के दाम 12.50 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिए हैं।
PIB फैक्ट चेक ने साफ किया कि भारत सरकार की ओर से ऐसा कोई आदेश जारी नहीं हुआ है और यह सर्कुलर पूरी तरह फर्जी है। एजेंसी ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसी अपुष्ट खबरों पर भरोसा न करें और उन्हें आगे शेयर करने से बचें।
फर्जी आदेश में क्या कहा गया
वायरल दस्तावेज में यह दावा किया गया था कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में 100% से अधिक बढ़ोतरी के चलते तेल कंपनियों को भारी नुकसान हो रहा है, इसलिए कीमतें बढ़ाना जरूरी है। इसके साथ एक और कथित नोटिफिकेशन भी शेयर किया गया, जिसे वित्त मंत्रालय का बताया गया और कानूनी आधार देने की कोशिश की गई।
कीमतों में कोई बदलाव नहीं
सरकारी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है और देश के प्रमुख शहरों में दरें स्थिर बनी हुई हैं।
प्रमुख शहरों में मौजूदा रेट
दिल्ली: पेट्रोल ₹94.77/लीटर, डीजल ₹87.67/लीटर
मुंबई: पेट्रोल ₹103.54/लीटर, डीजल ₹90.03/लीटर
क्या करें आप?
सरकार ने सलाह दी है कि ईंधन कीमतों या किसी भी सरकारी आदेश से जुड़ी जानकारी केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जांचें। सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाएं भ्रम पैदा कर सकती हैं, इसलिए सतर्क रहना जरूरी है।
Comments are closed.