राजा रघुवंशी हत्याकांड में कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए मुख्य आरोपित राज कुशवाह की जमानत याचिका खारिज कर दी है। शिलांग सेशन कोर्ट के इस फैसले से यह साफ हो गया है कि मामले में फिलहाल अन्य आरोपितों को भी राहत मिलना आसान नहीं होगा।
दरअसल, राज कुशवाह की ओर से बुधवार को उनके वकील ने जमानत अर्जी दाखिल की थी। सुनवाई के बाद अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था, जिसे अब सुनाते हुए जमानत याचिका खारिज कर दी गई।
इससे पहले, मामले की कथित मास्टरमाइंड सोनम रघुवंशी को हाल ही में जमानत मिल चुकी है। वह मंगलवार रात जेल से रिहा हुईं और फिलहाल अपने पिता देवी सिंह के साथ शिलांग के एक होटल में ठहरी हुई हैं। 50 हजार रुपये के मुचलके पर उन्हें राहत मिली थी। सोनम को जमानत मिलने के बाद अन्य आरोपितों को भी उम्मीद जगी थी कि उन्हें भी राहत मिल सकती है, लेकिन अदालत के इस फैसले ने तस्वीर साफ कर दी है।
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने तर्क दिया कि लंबे समय तक अंडरट्रायल के रूप में जेल में रखना आरोपी के अधिकारों का उल्लंघन है और इसी आधार पर जमानत दी जानी चाहिए। हालांकि, अदालत ने मामले की गंभीरता और उपलब्ध तथ्यों को प्राथमिकता देते हुए इस दलील को खारिज कर दिया।
अब इस फैसले के बाद बाकी आरोपितों के लिए भी जमानत पाना मुश्किल नजर आ रहा है। मामले की आगामी सुनवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया तय होगी।
Comments are closed.