पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कई राज्यों में तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया है। जम्मू-कश्मीर के उड़ी इलाके में भारी बारिश के चलते लगामा के पास भूस्खलन हुआ, जिससे उड़ी-बारामुला राजमार्ग पर यातायात ठप हो गया है।
कई राज्यों में तूफान और ओलावृष्टि का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश समेत 10 से अधिक राज्यों में तेज आंधी, ओलावृष्टि और 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में रेड अलर्ट, बिगड़ सकते हैं हालात
राष्ट्रीय राजधानी में तेज तूफान और ओलावृष्टि को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। अचानक मौसम बदलने से जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
उत्तराखंड में भारी असर
उत्तराखंड में तेज बारिश, ओलावृष्टि और अंधड़ ने कई जिलों में हालात बिगाड़ दिए हैं। देहरादून समेत कई इलाकों में पेड़ और बिजली के पोल गिरने से बिजली और पेयजल आपूर्ति बाधित हुई। चमोली के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और निचले इलाकों में ओलावृष्टि दर्ज की गई, जबकि कुमाऊं में भूस्खलन और पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित रहा।
मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी और नैनीताल सहित सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए अगले दो दिन तेज बारिश, आकाशीय बिजली और 40-50 किमी प्रति घंटे की हवाओं की चेतावनी दी है।
हिमाचल और राजस्थान में भी असर
हिमाचल प्रदेश में आंधी और बारिश से कृषि और बागवानी को नुकसान पहुंचा है। कई जगह पेड़ उखड़ गए और घरों की छतें उड़ गईं।
राजस्थान में धूलभरी हवाओं, तूफान और बारिश का सिलसिला चौथे दिन भी जारी रहा। अजमेर में एक मकान की छत गिर गई, जबकि अलवर में ओलावृष्टि हुई। जयपुर में तेज हवाओं के चलते सड़क पर चलती कार पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ।
उत्तर प्रदेश में जानमाल का नुकसान
उत्तर प्रदेश में रविवार को आंधी और बारिश के दौरान पेड़ और दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही, हालांकि गर्मी से राहत जरूर मिली।
कश्मीर में हाईवे बंद, वैकल्पिक मार्ग की सलाह
उड़ी-बारामुला मार्ग पर भारी मलबा जमा होने से यातायात बंद है। प्रशासन ने लोगों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है। जम्मू के कई हिस्सों में भी धूल भरी आंधी और हल्की बारिश दर्ज की गई।
मनाली-लाहौल में पर्यटकों की भीड़
इस बीच, हिमाचल के पर्यटन स्थलों मनाली और लाहौल-स्पीति में वीकेंड पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। कोकसर से ग्रांफू तक करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया। हालांकि जाम से परेशानी हुई, लेकिन बर्फबारी का आनंद लेने पहुंचे पर्यटकों के उत्साह में कमी नहीं आई। मनाली के होटलों में ऑक्यूपेंसी 75 प्रतिशत तक पहुंच गई।
Comments are closed.