स्पिरिट एयरलाइंस पर लापरवाही का आरोप: टेक्सस एयरपोर्ट पर डिमेंशिया मरीज को छोड़ा, बाद में हुई मौत

2

अमेरिका की एयरलाइन स्पिरिट एयरलाइंस पर एक डिमेंशिया पीड़ित बुजुर्ग यात्री को एयरपोर्ट पर असहाय छोड़ने का गंभीर आरोप लगा है।

परिवार का दावा है कि एयरलाइन की कथित लापरवाही के कारण 75 वर्षीय मार्कोस हम्बर्टो विंडेल ओसोरियो रास्ता भटक गए और बाद में हाईवे पर कई वाहनों की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। मामले में एयरलाइन के खिलाफ मुकदमा दायर किया गया है।

परिवार के अनुसार, ओसोरियो होंडुरास के पाल्मेरोला इंटरनेशनल एयरपोर्ट से टेक्सास स्थित जॉर्ज बुश इंटरकॉन्टिनेंटल एयरपोर्ट पहुंचे थे, जहां उनके परिजन इंतजार कर रहे थे। यात्रा से पहले एयरलाइन को यह जानकारी दी गई थी कि वे डिमेंशिया से पीड़ित हैं और उन्हें यात्रा के दौरान विशेष सहायता की जरूरत होगी।

इसके बावजूद आरोप है कि एयरलाइन ने जरूरी सहयोग उपलब्ध नहीं कराया और बुजुर्ग यात्री एयरपोर्ट के आगमन क्षेत्र तक भी नहीं पहुंच सके। काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर परिवार ने पुलिस को सूचना दी। बाद में उसी रात एयरपोर्ट से कुछ दूरी पर सड़क किनारे उनका शव मिला। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें कई वाहनों ने टक्कर मारी थी।

परिवार की ओर से दायर मुकदमे में कहा गया है कि ओसोरियो को हल्का डिमेंशिया था, जो तनावपूर्ण परिस्थितियों में गंभीर हो जाता था। ऐसे में उन्हें एयरपोर्ट पर लगातार सहायता और निगरानी की जरूरत थी। परिवार का आरोप है कि एयरलाइन ने वादा किए गए सपोर्ट की व्यवस्था नहीं की और उन्हें अकेले छोड़ दिया, जिससे यह हादसा हुआ।

अमेरिका के एयर कैरियर एक्सेस एक्ट के तहत एयरलाइंस के लिए दिव्यांग या मानसिक बीमारी से जूझ रहे यात्रियों को आवश्यक सहायता देना अनिवार्य है। इसमें गेट तक पहुंचाने, विमान में चढ़ाने और उतरने तक की मदद शामिल होती है।

अब ओसोरियो का परिवार मानसिक पीड़ा, साथ खोने, अंतिम संस्कार के खर्च और अन्य नुकसान के लिए मुआवजे की मांग कर रहा है। मामले की प्रारंभिक सुनवाई 17 जुलाई को तय की गई है।

Comments are closed.