दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक रुख बदला है। तेज धूप और साफ आसमान के चलते राजधानी का तापमान लगातार बढ़ रहा है।
गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मई का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले चार दिनों तक गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 से 29 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। शुक्रवार को आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन तापमान करीब 41 डिग्री के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।
इस बीच राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने दिल्ली के कुछ हिस्सों के लिए अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ घंटों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं, बिजली कड़कने और मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है, क्योंकि आंधी-तूफान के दौरान बिजली गिरने का खतरा बना रह सकता है। बारिश से कुछ समय के लिए गर्मी से राहत जरूर मिल सकती है, लेकिन मौसम का यह उतार-चढ़ाव अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की संभावना है।
Comments are closed.