फरीदाबाद में मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और अद्यतन बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान 15 जून से शुरू होगा। यह प्रक्रिया 22 दिसंबर 2026 तक जारी रहेगी। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आयुष सिन्हा ने दी।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के तीसरे चरण के तहत यह अभियान चलाया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित बनाना है। इसके तहत मृत, स्थानांतरित और डुप्लीकेट नामों को हटाकर वास्तविक मतदाताओं का सही रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, संविधान के अनुच्छेद 326 के तहत केवल भारतीय नागरिक ही मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के पात्र हैं। आयोग यह सुनिश्चित करेगा कि किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो और कोई भी पात्र नागरिक वंचित न रहे।
अभियान के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और आवश्यक दस्तावेजों की जांच करेंगे, जिससे सूची को अधिक सटीक बनाया जा सके।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी मतदाता का नाम बिना उचित जांच और सुनवाई का अवसर दिए प्रारूप सूची से नहीं हटाया जाएगा। यदि किसी व्यक्ति को निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO) के निर्णय से आपत्ति होती है, तो वह जिला मजिस्ट्रेट और बाद में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष अपील कर सकता है।
इसके साथ ही, दूसरे राज्यों से आकर फरीदाबाद में रहने वाले नागरिकों को मतदाता पंजीकरण के लिए प्रपत्र-6 के साथ एक अतिरिक्त घोषणा पत्र भी जमा करना होगा।
Comments are closed.