नौतपा से पहले उत्तर भारत में गर्मी का कहर लगातार तेज होता जा रहा है।
मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत कई राज्यों को अगले पांच से छह दिनों तक भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने और शुष्क हवाओं के असर से तापमान सामान्य से कई डिग्री ऊपर बना हुआ है।
बांदा तीसरे दिन भी दुनिया का सबसे गर्म शहर
उत्तर प्रदेश का बांदा जिला सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में शामिल है। मंगलवार को यहां अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे बांदा लगातार तीसरे दिन दुनिया का सबसे गर्म शहर बन गया। यह तीसरी बार है जब बांदा में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा है। इससे पहले मई 2019 में 48.1 डिग्री और 2022 में 49 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।
नौगांव और रोहतक भी झुलसे
देश के सबसे गर्म शहरों की सूची में मध्य प्रदेश का नौगांव दूसरे स्थान पर रहा, जहां तापमान 47 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। हरियाणा का रोहतक 46.9 डिग्री के साथ तीसरे नंबर पर रहा। इसके अलावा महाराष्ट्र के अमरावती में 46.8 डिग्री और दिल्ली रिज क्षेत्र में 46.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
60 से ज्यादा जिलों में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के 60 से अधिक जिलों में लू को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिम से लेकर पूर्वी भारत तक गर्म हवाओं का असर बना रहेगा और अगले पांच-छह दिनों में तापमान में बड़ी राहत के संकेत नहीं हैं।
दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में भारत का दबदबा
एक्यूआई.इन की लाइव ग्लोबल टेम्परेचर रैंकिंग के अनुसार, दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में सभी भारत के शहर शामिल हैं। सूची में बांदा, नौगांव, रोहतक, आगरा, झांसी, दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, चंडीगढ़ और वाराणसी जैसे शहर प्रमुख हैं।
पहाड़ी राज्यों में भी बढ़ी तपिश
भीषण गर्मी का असर पहाड़ी राज्यों में भी देखने को मिल रहा है। जम्मू-कश्मीर के कठुआ में 44.6 डिग्री, जम्मू में 42 डिग्री, उत्तराखंड के रुड़की में 41 डिग्री और पंतनगर में 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश के ऊना में 43.4 डिग्री, नेरी (हमीरपुर) में 41.2 डिग्री और मंडी में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
Comments are closed.