हार के बाद ममता बनर्जी का आक्रामक रुख, बोलीं- भाजपा को दिल्ली की सत्ता से हटाना होगा

1

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने भाजपा के खिलाफ आक्रामक तेवर अपनाए हैं।

पार्टी विधायकों के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि भाजपा को आने वाले समय में दिल्ली की सत्ता से हटाया जाएगा और टीएमसी अपनी राजनीतिक लड़ाई जारी रखेगी। कालीघाट स्थित आवास पर हुई बैठक में ममता बनर्जी ने कहा कि चुनावी नतीजों से पार्टी पीछे हटने वाली नहीं है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के खिलाफ विपक्ष की लड़ाई आगे और तेज होगी तथा केंद्र की सत्ता में बदलाव तय है।

इस बार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 207 सीटों पर कब्जा किया, जबकि तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई। इसके साथ ही राज्य में टीएमसी के 15 साल पुराने शासन का अंत हो गया।

बैठक के दौरान टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भी भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दबाव या कार्रवाई से वे डरने वाले नहीं हैं और भाजपा के खिलाफ उनकी लड़ाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा, “वे जो करना चाहें करें, नोटिस भेजें या घर गिरा दें, लेकिन मैं झुकने वाला नहीं हूं।”

अभिषेक बनर्जी ने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को भी निशाने पर लिया। टीएमसी सूत्रों के मुताबिक उन्होंने कहा कि राज्य ने कई मुख्यमंत्री देखे हैं, लेकिन मौजूदा मुख्यमंत्री जैसा कोई नहीं रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि कैमरे पर पैसे लेते हुए दिखे व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाया गया है।

चुनाव नतीजों के बाद राज्य में हुई हिंसा को लेकर टीएमसी ने कलकत्ता हाई कोर्ट का रुख किया है। पार्टी ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर टीएमसी समर्थकों और पार्टी कार्यालयों पर हमला, आगजनी और तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है। ममता बनर्जी 14 मई को वकीलों की पोशाक पहनकर मुख्य न्यायाधीश सुजॉय पॉल की अदालत में पेश हुई थीं। याचिका में हिंसा प्रभावित कार्यकर्ताओं को सुरक्षा देने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।

कोलकाता, हावड़ा और अन्य जिलों से लगातार झड़पों की खबरें सामने आई हैं। दोनों दलों ने एक-दूसरे पर हिंसा फैलाने के आरोप लगाए हैं, जबकि टीएमसी ने कई कार्यकर्ताओं की हत्या का दावा करते हुए अदालत की निगरानी में जांच की मांग की है।

Comments are closed.