चीन के दक्षिणी और मध्य क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश ने व्यापक तबाही मचा दी है।
बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोग लापता बताए जा रहे हैं। खराब मौसम के कारण कई इलाकों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हुबेई और हुनान प्रांत के कई हिस्सों में एहतियात के तौर पर स्कूल बंद कर दिए गए हैं। लगातार बारिश की वजह से सड़क और रेल परिवहन प्रभावित हुआ है, वहीं कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई है। प्रशासन लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राहत कार्यों में जुटा हुआ है।
चीन सरकार ने राहत और बचाव कार्यों के लिए 150 मिलियन युआन की आपात सहायता मंजूर की है। स्थानीय वीडियो प्लेटफॉर्म डौयिन पर सामने आए वीडियो में जिंगझोउ शहर की सड़कों पर पानी भर जाने से मछलियां तैरती दिखाई दीं, जबकि कई वाहन जलभराव में डूबे नजर आए।
सरकारी मीडिया सीसीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण-पश्चिमी ग्वांग्शी क्षेत्र में भारी बारिश के दौरान 15 मजदूरों को ले जा रहा एक पिकअप ट्रक नदी में गिर गया। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा गुइझोऊ प्रांत में चार, हुनान प्रांत में चार और हुबेई प्रांत में तीन लोगों की अलग-अलग घटनाओं में जान गई है। कई लोगों की तलाश अभी भी जारी है।
दक्षिणी द्वीप हैनान में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं। लिंगशुई इलाके में पहाड़ी का एक हिस्सा राजमार्ग पर गिर गया, जिसके बाद प्रशासन को कई प्रमुख सड़कें बंद करनी पड़ीं। इसके चलते भूवैज्ञानिक आपदा को लेकर चेतावनी जारी की गई है। चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी है कि बुधवार से यांग्त्जी नदी के मध्य और निचले इलाकों में और अधिक बारिश हो सकती है, जिससे बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ने की आशंका है।
Comments are closed.