महंगाई के मोर्चे पर आम लोगों को सोमवार को फिर बड़ा झटका लगा।
तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी है। पेट्रोल 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल 2.71 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ है। पिछले दो हफ्तों में यह चौथी बार है, जब ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं।
नई कीमतें लागू होने के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं कई शहरों में पेट्रोल 110 रुपये के पार पहुंच गया है।
प्रमुख शहरों में पेट्रोल के दाम
कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि मुंबई में इसकी कीमत 111.21 रुपये है। बेंगलुरु में पेट्रोल 110.60 रुपये, जयपुर में 113.40 रुपये और पटना में 113.50 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। नोएडा और लखनऊ में पेट्रोल 101.90 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी
डीजल के दामों में भी उछाल जारी है। दिल्ली में डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर हो गया है। कोलकाता में इसकी कीमत 99.80 रुपये, मुंबई में 97.80 रुपये और चेन्नई में 99.60 रुपये प्रति लीटर दर्ज की गई है। हैदराबाद में डीजल 103.80 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है।
शनिवार को भी बढ़े थे दाम
इससे पहले शनिवार को तेल कंपनियों ने पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा किया था। उसी दिन दिल्ली में सीएनजी की कीमत में भी 1 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हुई थी, जिसके बाद इसकी कीमत 81.09 रुपये प्रति किलो हो गई।
क्यों बढ़ रहे हैं तेल के दाम?
ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के पीछे पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव बड़ी वजह माना जा रहा है। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष के बीच होर्मुज स्ट्रेट में तेल आपूर्ति प्रभावित हुई है। यह मार्ग वैश्विक तेल सप्लाई का अहम केंद्र माना जाता है।
कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बावजूद सरकारी तेल कंपनियां लंबे समय तक पुरानी दरों पर ईंधन बेच रही थीं। लेकिन लगातार बढ़ते नुकसान के बाद अब कंपनियां चरणबद्ध तरीके से कीमतों में बढ़ोतरी कर रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंडियन ऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल जैसी कंपनियों को रोजाना भारी घाटा उठाना पड़ रहा था।
Comments are closed.