राजधानी दिल्ली में बढ़ती गर्मी के साथ पेयजल संकट भी गंभीर होता जा रहा है। शहर के कई इलाकों में पानी की किल्लत से लोग परेशान हैं। लगातार शिकायतों के बावजूद जल आपूर्ति की समस्या दूर नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
मॉडल टाउन के आर ब्लॉक में पिछले कई दिनों से पानी की भारी कमी बनी हुई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इलाके की हजारों की आबादी प्रभावित है और लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी पानी जुटाने में दिक्कत हो रही है। 75 वर्षीय प्रेम नाथ सिंघल ने बताया कि बढ़ती गर्मी के बीच हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं और शिकायतों के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है।
मुखर्जी नगर के रॉयल पार्क इलाके में स्थिति अलग लेकिन उतनी ही गंभीर है। यहां लोगों को गंदा और बदबूदार पानी मिलने की शिकायत है। निवासी उज्जवल सिंह बक्शी के अनुसार पिछले एक सप्ताह से सप्लाई हो रहा पानी घरेलू उपयोग के लायक भी नहीं है। स्थानीय लोगों और आरडब्ल्यूए ने कई बार अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
दिल्ली के नबी करीम, मोतिया खान, मलका गंज, बलजीत नगर, आनंद पर्वत, राजेंद्र नगर, चावड़ी बाजार, बीआर कैंप और संजय गांधी कैंप जैसे कई इलाकों में भी पानी की भारी किल्लत देखी जा रही है। कई जगह लोग पानी के टैंकरों पर निर्भर हो गए हैं। इंद्रपुरी की निवासी पोनमुदी लक्ष्मण ने बताया कि पानी भरने के लिए लोगों को तेज धूप में घंटों लाइन लगानी पड़ती है। कई बार दो से तीन दिन तक टैंकर नहीं पहुंचता, जिससे लोगों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच पानी की कमी ने हालात और मुश्किल बना दिए हैं। लोगों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है।
Comments are closed.