सूर्या हत्याकांड: मुख्य आरोपी असद एनकाउंटर में ढेर, मां बोलीं- बाकी आरोपियों पर भी हो सख्त कार्रवाई
गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र स्थित नवनीत विहार में ईद के दिन हुए सूर्या हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दी गई सख्त चेतावनी के कुछ ही घंटों बाद हुई।
असद के एनकाउंटर के बाद मृतक सूर्या की मां सरोज ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके बेटे की हत्या में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि सभी दोषियों को ऐसी सजा मिले जो समाज के लिए मिसाल बने।
सरोज ने यह भी कहा कि आरोपियों की संपत्तियों पर भी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उनका आरोप है कि ईद के दिन सूर्या को कुर्बानी दिखाने के बहाने बुलाया गया था, जहां उस पर चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल सूर्या ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ की गई है। मुख्य आरोपी असद के मारे जाने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
सूर्या की हत्या को लेकर इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला। हिंदू संगठनों ने घटना के बाद विरोध जताते हुए आरोपियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग की थी। शनिवार को सूर्या का शव घर पहुंचने पर बड़ी संख्या में लोग परिवार के समर्थन में जुटे थे।
Comments are closed.