मुजफ्फरपुर अस्पताल में भीषण आग, ICU में भर्ती 3 मरीजों की मौत; कई अन्य को सुरक्षित निकाला गया
बिहार के मुजफ्फरपुर में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। शहर के प्रसाद हॉस्पिटल के आईसीयू वार्ड में आग लगने से तीन मरीजों की मौत हो गई, जबकि अन्य मरीजों को रेस्क्यू कर आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर स्थित आईसीयू में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। घटना के समय 13 बेड वाले वार्ड में 15 मरीज भर्ती थे। आग तेजी से फैलने के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और बचाव अभियान शुरू किया गया।
दमकल विभाग ने अस्पताल से करीब 15 लोगों को बाहर निकाला। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना की सूचना मिलते ही डीएम सुब्रत कुमार सेन, एसएसपी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे और राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया।
डीएम ने तीन मरीजों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि आईसीयू के प्रभारी भी आग की चपेट में आकर झुलस गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य मरीजों को भी सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है।
हादसे के बाद मरीजों के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आग लगने के दौरान फायर सेफ्टी सिस्टम काम नहीं कर रहा था। कुछ परिजनों ने आरोप लगाया कि सीढ़ियों का गेट बंद होने के कारण लोगों को बाहर निकालने में कठिनाई हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आईसीयू में भर्ती एक बुजुर्ग महिला ने सबसे पहले आग की जानकारी गार्ड को दी, जिसके बाद बचाव कार्य शुरू किया गया। फिलहाल प्रशासन आग लगने के कारणों और अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर रहा है।
Comments are closed.