LPG Price Hike: घरेलू गैस सिलेंडर हुआ महंगा, कीमत में 29 रुपये का इजाफा

3

आम उपभोक्ताओं पर महंगाई का एक और बोझ बढ़ाते हुए सरकार ने घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलिंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है।

नई दरों के मुताबिक, दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू एलपीजी सिलिंडर अब 913 रुपये की जगह 942 रुपये में मिलेगा। यह संशोधित कीमतें तुरंत प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। यह पिछले तीन महीनों में घरेलू गैस की दूसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले 7 मार्च को भी सिलिंडर के दाम 60 रुपये बढ़ाए गए थे। लगातार दो बढ़ोतरी से घरेलू उपभोक्ताओं का मासिक बजट और अधिक प्रभावित होने की आशंका है।

उद्योग सूत्रों के अनुसार, पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक ऊर्जा बाजार में उतार-चढ़ाव के चलते एलपीजी की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। अमेरिका-ईरान तनाव और समुद्री आपूर्ति मार्गों पर बढ़ते जोखिमों ने भी ऊर्जा बाजार को प्रभावित किया है, जिसका असर घरेलू कीमतों पर दिख रहा है।

सूत्रों का यह भी कहना है कि हालिया संशोधन से पहले सरकारी तेल विपणन कंपनियों को घरेलू एलपीजी की बिक्री पर भारी नुकसान उठाना पड़ रहा था। प्रति सिलिंडर लगभग 703 रुपये तक के घाटे के चलते कीमतों में बदलाव को आवश्यक माना गया।

एलपीजी के साथ-साथ अन्य ईंधनों की कीमतों में भी हाल के महीनों में बढ़ोतरी देखी गई है। मई के मध्य से पेट्रोल और डीजल के दामों में कुल मिलाकर करीब 7.50 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है, जबकि सीएनजी की कीमतों में भी लगभग 6 रुपये प्रति किलोग्राम का इजाफा हुआ है।

उद्योग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, कीमतों में संशोधन के बावजूद तेल कंपनियां पेट्रोल और डीजल की बिक्री पर दबाव का सामना कर रही हैं। अनुमान है कि कंपनियों को पेट्रोल पर करीब 11 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 33.6 रुपये प्रति लीटर तक का नुकसान उठाना पड़ रहा है।

Comments are closed.