वैष्णो देवी यात्रियों को बड़ी राहत, राजधानी समेत 3 ट्रेनों में बढ़ेंगे एक्स्ट्रा कोच

2

गर्मियों की छुट्टियों और तीर्थयात्रा सीजन के दौरान बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने जम्मू-कटड़ा रूट पर चलने वाली प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त थर्ड एसी कोच जोड़ने का फैसला किया है।

इस कदम से प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है और कन्फर्म टिकट पाने की संभावना बढ़ेगी। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा और नई दिल्ली के बीच चलने वाली विशेष ट्रेन संख्या 04082 में 30 जून से 4 अगस्त तक एक अतिरिक्त थर्ड एसी कोच लगाया जाएगा। वहीं, नई दिल्ली-जम्मू राजधानी एक्सप्रेस (12426) में 27 जून से 3 अगस्त तक अतिरिक्त 3एसी कोच जोड़ा जाएगा।

इसके अलावा ऊधमपुर से दिल्ली सराय रोहिल्ला के बीच संचालित शहीद कैप्टन तुषार महाजन एक्सप्रेस (22402) में 21 जून से 23 जून तक एक अतिरिक्त थर्ड एसी कोच की व्यवस्था की जाएगी। रेलवे का कहना है कि हर अतिरिक्त कोच में लगभग 72 बर्थ उपलब्ध होंगी, जिससे बड़ी संख्या में यात्रियों को फायदा मिलेगा।

यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ

अतिरिक्त कोच लगाए जाने से न सिर्फ वेटिंग लिस्ट का दबाव कम होगा, बल्कि परिवार और समूह में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक साथ सीटें मिलने की संभावना भी बढ़ जाएगी। खासकर वैष्णो देवी यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और गर्मियों की छुट्टियों में सफर करने वाले यात्रियों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

रेलवे ने बताई वजह

जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि छुट्टियों और धार्मिक यात्राओं के कारण इस रूट पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी को देखते हुए ट्रेनों की क्षमता बढ़ाने का निर्णय लिया गया है, ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को कन्फर्म बर्थ उपलब्ध कराई जा सके और यात्रा को सुविधाजनक बनाया जा सके।

रेलवे का मानना है कि अतिरिक्त 3एसी कोच जोड़ने से भीड़भाड़ वाले इस सीजन में यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा और कन्फर्म टिकट को लेकर होने वाली परेशानी भी काफी हद तक कम होगी।

Comments are closed.