15 छात्रों की मौत का मामला NHRC पहुंचा, लखनऊ अग्निकांड पर कार्रवाई शुरू

0

लखनऊ अग्निकांड पर NHRC में शिकायत, देशभर के कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा जांच की मांग

लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से 15 छात्रों की मौत के मामले को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) तक पहुंचाया गया है। नोएडा निवासी और पूर्व क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. राजीव कुमार गुप्ता ने आयोग में शिकायत दर्ज कर देशभर के कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों की व्यापक समीक्षा कराने की मांग की है।

आयोग ने शिकायत को स्वीकार करते हुए डायरी संख्या 14383/IN/2026 के तहत पंजीकृत किया है। शिकायत में कहा गया है कि अलीगंज की घटना कोई अपवाद नहीं है, बल्कि कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्थाओं की गंभीर खामियों को उजागर करने वाली एक और दुखद दुर्घटना है।

डॉ. गुप्ता ने अपने आवेदन में पूर्व की घटनाओं का भी उल्लेख किया है। उन्होंने बताया कि जुलाई 2024 में दिल्ली के राजेंद्र नगर स्थित एक कोचिंग संस्थान के बेसमेंट में जलभराव के कारण तीन छात्रों की मौत हुई थी। वहीं, मई 2019 में अहमदाबाद के एक कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग में 22 छात्रों ने जान गंवाई थी।

शिकायत के अनुसार, देशभर में बड़ी संख्या में छात्र ऐसे कोचिंग संस्थानों में पढ़ाई कर रहे हैं जहां अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन निकास, वेंटिलेशन और अन्य आवश्यक सुरक्षा सुविधाओं का अभाव है। ऐसे में छात्रों के जीवन और सुरक्षा पर लगातार खतरा बना रहता है।

डॉ. गुप्ता ने कहा कि उन्होंने पहले भी कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर NHRC का ध्यान आकर्षित किया था, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हो सके। इस बार उन्होंने आयोग से प्रभावी हस्तक्षेप करते हुए सुरक्षा मानकों के पालन को सुनिश्चित कराने और छात्रों के जीवन के अधिकार की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

शिकायत में लखनऊ अग्निकांड के सभी 15 मृतक छात्रों, जिनमें मयंक गुप्ता का नाम भी शामिल है, का उल्लेख करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय करने की मांग की गई है।

Comments are closed.