झारखंड के रामगढ़ में दर्दनाक हादसा, पिकअप और ट्रक की भिड़ंत में 7 की मौत

3

रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा: ट्रक-पिकअप की टक्कर में 7 की मौत, एक गंभीर घायल

झारखंड के रामगढ़ जिले में गुरुवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर लारी गांव के समीप रात करीब 11:30 बजे हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रक और पिकअप वाहन की आमने-सामने की टक्कर हो गई।

पुलिस के मुताबिक, पिकअप वाहन में सवार सभी लोग ताशा पार्टी के सदस्य थे। वे मुहर्रम के अवसर पर कार्यक्रम प्रस्तुत करने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सात लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे में घायल युवक को पहले रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया।

मृतकों की पहचान

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में दो युवक रामगढ़ के रजरप्पा थाना क्षेत्र के मारंगमरचा गांव और पांच युवक कुजू के बलसगरा गांव के रहने वाले थे। सभी की उम्र 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

पुलिस ने ट्रक जब्त किया, चालक फरार

पुलिस के अनुसार, पिकअप वाहन (जेएच-02क्यू-8268) गोला से रामगढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान लारी बुध बाजार स्थित होटल सम्राट के पास विपरीत दिशा से आ रहे कोयला लदे एलपी ट्रक (जेएच-02एए-4786) ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी।

घटना के बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

हादसे के बाद जाम और प्रदर्शन

दुर्घटना के बाद रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर शुक्रवार तड़के तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। स्थानीय ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त नियंत्रण की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया।

Comments are closed.