अमेरिका में एक बार फिर शॉपिंग मॉल गोलियों की गूंज से दहल उठा।
मिशिगन के डियरबॉर्न शहर स्थित फेयरलेन टाउन सेंटर मॉल में शुक्रवार दोपहर हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घटना के बाद मॉल में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और पुलिस ने पूरे परिसर को खाली कराकर जांच शुरू कर दी।
डियरबॉर्न पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे फेयरलेन टाउन सेंटर में फायरिंग की सूचना मिली। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि गोलीबारी दो लोगों के बीच हुए विवाद के दौरान हुई। इस फायरिंग में एक निर्दोष राहगीर भी गोली लगने से घायल हो गया। अधिकारियों का कहना है कि घटना टारगेटेड प्रतीत होती है और फिलहाल इसकी सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
फायरिंग की सूचना मिलते ही मॉल को तत्काल लॉकडाउन कर दिया गया। डियरबॉर्न पुलिस और मिशिगन स्टेट पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके की घेराबंदी की और संदिग्ध की तलाश शुरू कर दी। हालांकि, अभी तक किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने गोलीबारी के पीछे की वजह का भी खुलासा नहीं किया है।
फेयरलेन टाउन सेंटर डेट्रॉइट मेट्रो क्षेत्र का प्रमुख शॉपिंग मॉल है, जो डाउनटाउन डेट्रॉइट से करीब 10 मील पश्चिम में स्थित है। जांच एजेंसियां सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही हैं।
Comments are closed.