पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री के रिश्तेदार पर गैंगरेप का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार

1

पाकिस्तान में दो विदेशी महिलाओं से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है।

इस मामले में गिरफ्तार चार आरोपितों में एक पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार का रिश्तेदार बताया जा रहा है। पुलिस ने चारों आरोपितों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। एक अन्य आरोपित अब भी फरार है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुहम्मद रजा डार, हसन रजा, सिकंदर खान और साजिद अली के रूप में हुई है। इनमें रजा डार को मुख्य आरोपित माना जा रहा है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामला बेहद संवेदनशील है क्योंकि इसमें उप प्रधानमंत्री इशाक डार का करीबी रिश्तेदार शामिल है। इसी वजह से जांच हर पहलू से की जा रही है।

जांच के मुताबिक, पीड़ित महिलाएं नीदरलैंड और वेनेजुएला की नागरिक हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी मुलाकात अक्टूबर 2025 में सिंगापुर में रजा डार से हुई थी। बाद में रजा ने उन्हें एक क्रिप्टोकरेंसी वेंचर में साझेदारी के सिलसिले में पाकिस्तान आने का निमंत्रण दिया और उनके लिए बिजनेस वीजा की व्यवस्था भी कराई।

महिलाओं का आरोप है कि 29 जून को लाहौर पहुंचते ही रजा डार और उसके साथियों ने उनका अपहरण कर लिया। उन्हें एक मकान में ले जाकर कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया और रिहाई के बदले फिरौती की मांग की गई। मामले का खुलासा तब हुआ, जब पीड़िताओं में से एक के पिता के फोन के बाद पुलिस सक्रिय हुई और महिलाओं को सुरक्षित बरामद किया।

लाहौर पुलिस ने गुरुवार को पांच आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया। अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि पांचवें आरोपित की तलाश जारी है। अदालत में पेशी के दौरान पीड़ित महिलाओं ने मुहम्मद रजा डार की पहचान मुख्य आरोपित के रूप में की। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और फरार आरोपित को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।

Comments are closed.