UIDAI की नई सुविधा हिट, आधार ऐप से मुफ्त ईमेल अपडेट; 2 दिन में ढाई लाख लोगों ने किया इस्तेमाल

1

आधार से जुड़ी सेवाओं को और आसान बनाने की दिशा में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने एक नई सुविधा शुरू की है।

अब आधार धारक नए आधार ऐप के जरिए घर बैठे अपनी ईमेल आईडी जोड़ या अपडेट कर सकते हैं। इसके लिए आधार सेवा केंद्र जाने की जरूरत नहीं होगी। यूआईडीएआई ने बताया कि यह सुविधा 1 जुलाई 2026 से अगले छह महीने तक पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध रहेगी।

यूआईडीएआई के मुताबिक, नई सेवा को शुरुआत से ही अच्छा प्रतिसाद मिला है। लॉन्च के सिर्फ दो दिनों के भीतर ढाई लाख (2.5 लाख) से अधिक लोगों ने आधार ऐप के माध्यम से अपनी ईमेल आईडी अपडेट कराई है।

प्राधिकरण का कहना है कि आधार से ईमेल आईडी लिंक होने पर हर बार आधार प्रमाणीकरण होने के बाद संबंधित व्यक्ति को ईमेल के जरिए तत्काल सूचना मिलेगी। इससे आधार के इस्तेमाल पर नजर रखना आसान होगा और किसी भी अनधिकृत उपयोग का समय रहते पता लगाया जा सकेगा। यह सुविधा आधार प्रणाली में पारदर्शिता और सुरक्षा दोनों को मजबूत करेगी।

यूआईडीएआई ने यह भी बताया कि नए आधार मोबाइल ऐप को लॉन्च के पांच महीनों के भीतर 3.1 करोड़ से अधिक बार डाउनलोड किया जा चुका है। इसी ऐप के जरिए अब तक 40 लाख से ज्यादा लोगों ने अपना मोबाइल नंबर अपडेट कराया है, जबकि करीब 10 लाख उपयोगकर्ताओं ने अपने पते में संशोधन किया है।

प्राधिकरण का मानना है कि डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही ये सुविधाएं आधार से जुड़े कार्यों को अधिक सरल, तेज और सुविधाजनक बना रही हैं। इससे लोगों का समय बचेगा और आधार सेवा केंद्रों पर निर्भरता भी कम होगी।

Comments are closed.