राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक आज, चंपत राय-अनिल मिश्र के इस्तीफे पर लग सकती है मुहर

1

राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक आज, चंपतराय और डॉ. अनिल मिश्र के इस्तीफे पर फैसला संभव

अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक सोमवार को होगी। दोपहर तीन बजे श्रीरामजन्मभूमि परिसर स्थित यात्री सुविधा केंद्र में आयोजित होने वाली इस बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय और सदस्य डॉ. अनिल कुमार मिश्र के इस्तीफे पर फैसला लिया जा सकता है। इसके साथ ही हाल में सामने आए चढ़ावा चोरी मामले के बाद ट्रस्ट की व्यवस्थाओं और प्रशासनिक ढांचे पर भी महत्वपूर्ण चर्चा होने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार, चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद ट्रस्ट की कार्यप्रणाली की समीक्षा की जाएगी। बैठक में नए पदाधिकारियों की नियुक्ति समेत संगठनात्मक बदलावों पर भी विचार हो सकता है। माना जा रहा है कि हालिया घटनाक्रम को देखते हुए ट्रस्ट कुछ बड़े प्रशासनिक फैसले ले सकता है।

राम मंदिर के चढ़ावे से कथित चोरी का मामला 5 जून को सामने आया था। इसके बाद 13 जून को विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। प्रारंभिक जांच के आधार पर अब तक इस मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और जांच जारी है।

बैठक में भाग लेने के लिए ट्रस्ट के कई प्रमुख सदस्य अयोध्या पहुंच चुके हैं। इनमें जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, युगपुरुष स्वामी परमानंद और कृष्णमोहन शामिल हैं। वहीं, कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि, अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा, स्वामी विश्वप्रसन्नतीर्थ समेत अन्य सदस्यों के सोमवार सुबह तक पहुंचने की उम्मीद है।

ट्रस्ट के वरिष्ठ सदस्य और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता के. पारासरन सहित कुछ अन्य ट्रस्टी बैठक में वर्चुअल माध्यम से शामिल होंगे। बैठक के फैसलों पर देशभर के रामभक्तों और मंदिर से जुड़े लोगों की नजर बनी हुई है।

Comments are closed.