मुंबई-पुणे रेल रूट पर बारिश का कहर, भूस्खलन से कई ट्रेनें प्रभावित; रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लिया जायजा
मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन के साथ-साथ रेल यातायात को भी बुरी तरह प्रभावित किया है। रविवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण मुंबई-पुणे रेल मार्ग के घाट सेक्शन में दो स्थानों पर भूस्खलन हुआ, जिससे रेल संचालन बाधित हो गया। कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा, जबकि कुछ को बीच रास्ते में रोक दिया गया।
मध्य रेलवे के अनुसार, पहला भूस्खलन कर्जत और लोनावला के बीच दक्षिण-पूर्वी घाट खंड में ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल लूप केबिन के बीच अप मेन लाइन पर हुआ। वहीं, कर्जत के पास ठाकुरवाड़ी रेलवे स्टेशन के नजदीक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें ट्रैक पर आ गिरीं, जिससे तीनों रेल लाइनें प्रभावित हुईं और रेल सेवाएं ठप हो गईं।
स्थिति का जायजा लेने के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मध्य रेलवे के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव से बातचीत की। उन्होंने कहा कि मुंबई-पुणे घाट सेक्शन में हुए भूस्खलन के बाद रेलवे की टीमें पूरी मुस्तैदी से बहाली कार्य में जुटी हैं। उन्होंने अधिकारियों को पश्चिमी रेलवे और मध्य रेलवे के बीच बेहतर समन्वय के साथ जल्द से जल्द रेल सेवाएं सामान्य करने के निर्देश दिए।
रेल मंत्री ने यह भी बताया कि सोमवार को भी भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। ऐसे में रेलवे लगातार हालात पर नजर रखे हुए है और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
उधर, रेलवे की इंजीनियरिंग और आपदा राहत टीमें ट्रैक से मलबा हटाने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत में लगी हैं। इसी दौरान तड़के करीब 3:05 बजे खंडाला और मंकी हिल स्टेशनों के बीच मिडिल लाइन पर भी एक और भूस्खलन हो गया, जिससे बहाली अभियान को अतिरिक्त चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन के लिए रवाना होने से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें, क्योंकि मौसम की परिस्थितियों के चलते रेल संचालन में बदलाव संभव है।
गौरतलब है कि लगातार हो रही बारिश के चलते घाट सेक्शन में पहाड़ियों से मलबा और पत्थर गिरने का सिलसिला जारी है। इससे रेल परिचालन को सुरक्षित रखना एक बड़ी चुनौती हो गया है। स्थिति को देखते हुए रेलवे ने कई ट्रेनों को रद कर दिया है।
सेंट्रल रेलवे ने सोमवार के लिए रद की ये ट्रेनें
22105/22106 सीएसएमटी-पुणे-सीएसएमटी इंद्रायणी एक्सप्रेस
12169/12170 पुणे-सोलापुर-पुणे इंटरसिटी एक्सप्रेस
12127/12128 सीएसएमटी-पुणे-सीएसएमटी इंटरसिटी एक्सप्रेस
11007/11008 सीएसएमटी-पुणे-सीएसएमटी डेक्कन एक्सप्रेस
12123/12124 CSMT-पुणे-CSMT डेक्कन क्वीन
12125/12126 सीएसएमटी-पुणे-सीएसएमटी प्रगति एक्सप्रेस
11009/11010 सीएसएमटी-पुणे-सीएसएमटी सिंहगढ़ एक्सप्रेस
11011/11012 सीएसएमटी-धुले-सीएसएमटी एक्सप्रेस
इसके अलावा 9 लंबी दूरी की ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट किया गया। जिन ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है, उनमें- अहमदाबाद-कोल्हापुर एक्सप्रेस, इंदौर-दौंड एक्सप्रेस, अहमदाबाद-पुणे दुरंतो एक्सप्रेस, बीदर-सीएसएमटी एक्सप्रेस, हजूर साहिब नांदेड़-पनवेल एक्सप्रेस, चारलापल्ली-इंदौर हमसफर एक्सप्रेस, एलटीटी-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस, दौंड-ग्वालियर सुपरफास्ट एक्सप्रेस और चेन्नई एग्मोर-सीएसएमटी मेल शामिल हैं।
रेल अधिकारियों के अनुसार, घाट खंड में भारी बारिश के कारण रेल पटरियों पर बड़े-बड़े पत्थर गिर गए। जिससे ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है। रेल पटरियों से मलबा हटाकर जल्द से जल्द रेल परिचालन बहाल करने के लिए टीमें मौजूद हैं।
Comments are closed.