चीन इस समय प्राकृतिक आपदाओं की दोहरी मार झेल रहा है।
एक ओर उत्तर-पश्चिमी गांसु प्रांत में हुए भीषण भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है, वहीं दक्षिणी गुआंग्शी क्षेत्र में आई बाढ़ के बाद 800 से ज्यादा सांप रिहायशी इलाकों में पहुंच जाने से लोगों में दहशत फैल गई है।
स्नेक फार्म डूबा, गांवों में फैल गए सैकड़ों सांप
स्थानीय मीडिया के अनुसार, टायफून के प्रभाव से आई बाढ़ में हेंगझोउ स्थित एक स्नेक फार्म पूरी तरह जलमग्न हो गया। इसके बाद फार्म में रखे गए 800 से अधिक सांप बाढ़ के पानी के साथ बाहर निकलकर आसपास के गांवों में फैल गए। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और सांपों को पकड़ने के लिए विशेष बचाव दल तैनात किए हैं।
भूस्खलन में 33 लोग दबे, 21 की मौत
उधर, गांसु प्रांत के लोंगनान शहर में मंगलवार सुबह हुए भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई। हादसे के समय 33 लोग मलबे में दब गए थे। कई घंटों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी को बाहर निकाला गया।
अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई। वहीं 5 लोग सुरक्षित बचा लिए गए, जबकि 7 अन्य घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है।
राहत कार्य जारी, कारणों की जांच शुरू
सरकारी मीडिया के मुताबिक, बचाव दल भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाने में जुटे रहे। प्रशासन ने भूस्खलन के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दूसरी ओर बाढ़ प्रभावित इलाकों में सांपों के खतरे को देखते हुए स्थानीय प्रशासन लगातार निगरानी और राहत अभियान चला रहा है।
Comments are closed.