महाराष्ट्र में आधी रात चार बार कांपी धरती, नांदेड़, हिंगोली और परभणी में भूकंप के झटकों से दहशत
महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में गुरुवार तड़के भूकंप के लगातार चार झटके महसूस किए गए। नांदेड़, हिंगोली और परभणी जिलों में रात के सन्नाटे में धरती हिलने से लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
अधिकारियों के अनुसार, रात 1:37 बजे से सुबह 3:23 बजे के बीच चार बार भूकंप दर्ज किया गया। रिक्टर स्केल पर इनकी तीव्रता 3.6 से 4.6 के बीच रही। दो घंटे से भी कम समय में आए इन झटकों ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया।
रात 1:37 बजे आया पहला झटका
शुरुआती जानकारी के मुताबिक पहला झटका रात करीब 1:37 बजे सिरली-पांगरा शिंदे गांव के पास महसूस किया गया। भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था। तेज कंपन से लोगों की नींद खुल गई और वे एहतियात के तौर पर घरों से बाहर निकल आए।
इसके बाद रात 2:15 बजे ककड़धाबा गांव के पास दूसरा झटका दर्ज किया गया, जिसकी तीव्रता 3.6 रही। महज दो मिनट बाद रात 2:17 बजे तीसरा झटका महसूस हुआ, जबकि चौथा झटका सुबह 3:23 बजे आया। लगातार भूकंप आने से लोगों में काफी देर तक भय और असमंजस की स्थिति बनी रही।
पहले भी आ चुके हैं झटके
मराठवाड़ा का यह इलाका इससे पहले भी भूकंपीय गतिविधियों का सामना कर चुका है। अप्रैल 2026 में हिंगोली जिले में 4.7 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें पांगरा शिंदे गांव के कुछ मकानों और एक सामुदायिक भवन में दरारें पड़ गई थीं। उस समय नांदेड़, अर्धापुर, हदगांव, हिमायतनगर और परभणी के कई इलाकों में भी झटके महसूस किए गए थे।
Comments are closed.