ईरान में फिर धमाकों से दहशत, बुशहर समेत कई शहर निशाने पर; अमेरिका ने झाड़ा पल्ला

1

ईरान के दक्षिणी इलाकों में धमाकों से बढ़ा तनाव, बुशहर के पास सैन्य ठिकाना निशाने पर; अमेरिका ने हमले से किया इनकार

ईरान के दक्षिणी हिस्सों में शुक्रवार तड़के कई धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, जिससे क्षेत्र में एक बार फिर तनाव बढ़ गया। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, कोनारक, चोगडक और बुशहर समेत कई इलाकों में विस्फोट हुए। इनमें बुशहर सबसे संवेदनशील माना जा रहा है, क्योंकि यहां ईरान का प्रमुख परमाणु ऊर्जा संयंत्र मौजूद है।

रॉयटर्स और ईरानी समाचार एजेंसी मेहर की रिपोर्ट के अनुसार, कोनारक में अधिकारियों ने दावा किया कि लड़ाकू विमानों ने नौसेना के एक सैन्य क्षेत्र को निशाना बनाया। वहीं, बुशहर प्रांत के अधिकारी एहसान जहानियन ने सरकारी समाचार एजेंसी IRNA को बताया कि शहर के बाहरी इलाके में स्थित एक सैन्य ठिकाने पर प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ, जिसके जवाब में ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम ने कार्रवाई की।

अल जज़ीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, सिस्तान-बलूचिस्तान प्रांत के कोनारक के गवर्नर ने भी पुष्टि की कि नौसेना से जुड़े एक सैन्य परिसर को निशाना बनाया गया। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमले के पीछे कौन था और इससे कितना नुकसान हुआ।

ये घटनाएं ऐसे समय हुई हैं जब क्षेत्र में पहले से सुरक्षा तनाव बना हुआ है। धमाकों की खबरें ऐसे दिन सामने आईं जब मशहद में ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के अगले दिन हालात पहले से ज्यादा संवेदनशील बने हुए हैं।

हालांकि, अमेरिका ने इन हमलों में किसी भी तरह की भूमिका से साफ इनकार किया है। एक अमेरिकी अधिकारी ने अल जज़ीरा से कहा कि अमेरिकी सेना ने पिछले कुछ घंटों में ईरान पर कोई नया हमला नहीं किया है। इसके बावजूद ईरानी अधिकारियों का कहना है कि दक्षिणी क्षेत्रों में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया और वायु रक्षा प्रणाली को सक्रिय करना पड़ा।

फिलहाल धमाकों के कारण, नुकसान और हमलावर की पहचान को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच जारी है और पूरे घटनाक्रम पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर बनी हुई है।

Comments are closed.