नेपाल हिंसा में 3 की मौत, भारत से सटे कई जिलों में कर्फ्यू; हेलिकॉप्टर से निगरानी

2

नेपाल हिंसा में 3 की मौत, भारत से सटे कई जिलों में कर्फ्यू; हेलिकॉप्टर से निगरानी

नेपाल के मधेश और कोशी प्रांत में जारी सांप्रदायिक हिंसा ने गंभीर रूप ले लिया है। गुरुवार को मधेश प्रांत में हुई झड़पों में 15 वर्षीय किशोर गणेश यादव की मौत के बाद हिंसा में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने कई संवेदनशील इलाकों में कर्फ्यू और निषेधाज्ञा लागू कर दी है।

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की बैठक में कानून-व्यवस्था की समीक्षा की, जबकि राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने नागरिकों से शांति और राष्ट्रीय एकता बनाए रखने की अपील की है।

भारत से सटे जिलों में कर्फ्यू

हिंसा के बाद मधेश प्रांत के धनुषा, सिराहा और बीरगंज (परसा) के संवेदनशील इलाकों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। वहीं, कोशी प्रांत के सुनसरी जिले में सोमवार से लागू कर्फ्यू भी अगले आदेश तक जारी रहेगा।

सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में हेलिकॉप्टर से हवाई निगरानी की जा रही है, जबकि बड़ी संख्या में पुलिस और सशस्त्र बलों की तैनाती की गई है।

कैसे भड़की हिंसा?

हिंसा की शुरुआत रविवार को सुनसरी जिले में दो धार्मिक समुदायों के जुलूस के दौरान हुए विवाद से हुई थी। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए फायरिंग की, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और सुरक्षाकर्मियों समेत एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।

गुरुवार को सिराहा जिले के गोलबाजार क्षेत्र के तुलसीपुर निवासी 15 वर्षीय गणेश यादव दो गुटों के बीच हुई झड़प में गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

इसी दिन, सुनसरी जिले की देवांगुंज ग्रामीण नगरपालिका के निवासी जय प्रकाश मेहता, जो सांप्रदायिक हिंसा में गंभीर रूप से घायल हुए थे, ने विराटनगर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही हिंसा में मरने वालों की संख्या तीन हो गई।

प्रशासन ने बढ़ाई सख्ती

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सिराहा जिले के गोलबाजार में लागू अनिश्चितकालीन कर्फ्यू का दायरा बढ़ाकर लहान नगरपालिका तक कर दिया गया है।

वहीं, परसा जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर बीरगंज महानगर के कई इलाकों में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। यह आदेश प्रतिमा चौक से तिलाबे पुल, गंडक चौक और शंकराचार्य गेट के बीच के क्षेत्र में लागू है। प्रशासन ने लोगों से बिना आवश्यक कारण घरों से बाहर नहीं निकलने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

नेपाल सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती के साथ शांति बहाल करने के प्रयास जारी हैं।

Comments are closed.