संसद परिसर में आज गोपबंधु दास की प्रतिमा का अनावरण करेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

2

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज करेंगी उत्कलमणि गोपबंधु दास की प्रतिमा का अनावरण

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को नई दिल्ली के मूलचंद स्थित लाजपत भवन में महान स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक और शिक्षाविद उत्कलमणि गोपबंधु दास की प्रतिमा का अनावरण करेंगी। इस कार्यक्रम का आयोजन लोक सेवक मंडल की ओर से किया जा रहा है।

लोक सेवक मंडल देश की प्रमुख सामाजिक संस्थाओं में से एक है, जिसकी स्थापना महान स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय ने गरीब, वंचित, अशिक्षित और पिछड़े वर्गों के उत्थान के उद्देश्य से की थी। संस्था के अनुसार, संसद भवन के अलावा दिल्ली में गोपबंधु दास की यह पहली प्रतिमा होगी।

गोपबंधु दास लाला लाजपत राय के आग्रह पर लोक सेवक मंडल से जुड़े थे और बाद में संस्था के अध्यक्ष भी बने। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन के साथ-साथ शिक्षा, समाज सुधार और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके नेतृत्व में संस्था ने सामाजिक उत्थान और राष्ट्र निर्माण के कई कार्य किए।

9 अक्टूबर 1877 को ओडिशा में जन्मे गोपबंधु दास स्वतंत्रता संग्राम सेनानी होने के साथ-साथ प्रख्यात पत्रकार, शिक्षाविद और समाज सुधारक भी थे। उन्होंने गरीबों, किसानों, अनाथों और जरूरतमंदों की सेवा को अपने जीवन का उद्देश्य बनाया। लोककल्याण और निस्वार्थ सेवा के प्रति उनके समर्पण के कारण उन्हें ‘उत्कलमणि’ (ओडिशा का रत्न) की उपाधि से सम्मानित किया गया।

लोक सेवक मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चोपड़ा ने कहा कि लाजपत भवन में गोपबंधु दास की प्रतिमा स्थापित करने का उद्देश्य उनके राष्ट्रसेवा, लोककल्याण और मानवता के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना तथा नई पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा देना है।

Comments are closed.