FSSAI की बड़ी कार्रवाई, खाद्य गुणवत्ता में खामी पर VKC Nuts का लाइसेंस निलंबित

0
खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर FSSAI ने दो कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।
खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण ने उत्तर प्रदेश की VKC Nuts Pvt. Ltd. और महाराष्ट्र की छेड़ा स्पेशलिटीज फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। FSSAI ने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि दोनों कंपनियों के परिसरों में स्वच्छता, कीट नियंत्रण और खाद्य सुरक्षा से जुड़े गंभीर उल्लंघन पाए गए। इसी के आधार पर लाइसेंस निलंबित करने का फैसला लिया गया।
VKC Nuts के परिसर में मिलीं कई खामियां
उत्तर प्रदेश स्थित VKC Nuts के निरीक्षण में पिस्ता के भंडारण क्षेत्र में जिंदा कीड़े मिले। कच्चे माल के स्टोरेज एरिया की दीवारों और छतों पर बड़ी मात्रा में काली फफूंद भी पाई गई।
प्रसंस्करण क्षेत्र में जंग लगी, गंदी और क्षतिग्रस्त मशीनरी इस्तेमाल होती मिली। वहीं, प्लास्टिक की ट्रे, चाकू और कंटेनर भी पुराने, गंदे और खराब हालत में पाए गए।
निरीक्षण के दौरान फ्यूमिगेशन चैंबर के पास जिंदा छिपकली भी देखी गई। इसी जगह खुले क्रेट में अंजीर रखा था। प्रसंस्करण क्षेत्र में खाद्य पदार्थों पर मक्खियां बैठती हुई मिलीं और कीट नियंत्रण के इंतजाम भी प्रभावी नहीं पाए गए।
छेड़ा स्पेशलिटीज फूड्स पर भी कार्रवाई
महाराष्ट्र की छेड़ा स्पेशलिटीज फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ भी FSSAI ने तत्काल प्रभाव से लाइसेंस निलंबित कर दिया।
निरीक्षण के दौरान कंपनी परिसर में स्वच्छता की गंभीर कमी सामने आई। FSSAI के मुताबिक, कर्मचारी सड़े हुए कचरे के पास गंदे फर्श पर बैठकर केले छीलते हुए पाए गए।
सुधार होने तक जारी रहेगा निलंबन
FSSAI ने स्पष्ट किया है कि दोनों कंपनियों का लाइसेंस तब तक निलंबित रहेगा, जब तक वे खाद्य सुरक्षा मानकों को पूरा करने के लिए जरूरी सुधार नहीं करतीं। कंपनियों को स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी बेहतर व्यवस्था, प्रभावी कीट नियंत्रण, उचित कचरा प्रबंधन, बुनियादी ढांचे की मरम्मत और कर्मचारियों के प्रशिक्षण समेत व्यापक सुधारात्मक कदम उठाने होंगे।

Comments are closed.