झारखंड में आज छात्रों का विधानसभा मार्च, परीक्षा विवादों पर CBI जांच की मांग
झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तेज हो रहा है। सोमवार, 10 अगस्त को छात्र संगठनों ने विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। इसे देखते हुए रांची में प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। विधानसभा परिसर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
आंदोलन की अगुवाई कर रहे छात्र नेताओं ने युवाओं से बड़ी संख्या में जुटने और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखने की अपील की है। अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी।
CBI जांच से कम मंजूर नहीं
रांची में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान छात्र नेताओं ने भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली की जांच CBI से कराने की मांग दोहराई। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से CID जांच के प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार कर दिया।
छात्र नेताओं का आरोप है कि राज्य की जांच एजेंसियों पर उन्हें भरोसा नहीं है। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए केंद्रीय एजेंसी से जांच जरूरी है।
13 परीक्षा विवादों का मुद्दा
Related Posts
अभ्यर्थियों ने सरकार के उस दावे पर भी सवाल उठाए हैं, जिसमें उनकी 98 फीसदी मांगें मान लिए जाने की बात कही गई थी। छात्र नेताओं के मुताबिक, उन्होंने 13 अलग-अलग परीक्षा विवादों को लेकर अपनी मांगें रखी थीं, लेकिन सरकार ने इनमें से सिर्फ 3 परीक्षाओं को रद्द किया है।
इसी मुद्दे को लेकर छात्र अब विधानसभा घेराव के जरिए सरकार पर दबाव बनाने की तैयारी में हैं।
विधानसभा के 750 मीटर दायरे में प्रतिबंध
प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने नए विधानसभा परिसर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है। विधानसभा परिसर के 750 मीटर के दायरे में BNSS की धारा 163 लागू की गई है। इसके तहत बिना अनुमति पांच या उससे अधिक लोगों के एक साथ जुटने, जुलूस निकालने और धरना-प्रदर्शन करने पर रोक रहेगी।
प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण रहने की अपील
सीआईडी के एडीजी मनोज कौशिक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कहा कि विधानसभा परिसर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने प्रदर्शन में शामिल होने वाले छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की है।
अब सबकी नजरें सोमवार को होने वाले छात्र आंदोलन पर हैं। प्रशासन जहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क है, वहीं अभ्यर्थी अपनी प्रमुख मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करने की तैयारी में हैं।
Comments are closed.