भगोड़े कारोबारी मेहुल चोकसी के वकील विजय अग्रवाल लंदन में दो महिलाओं के यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किए गए हैं। मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अनुसार, अग्रवाल पर दोनों महिलाओं के साथ चार बार यौन उत्पीड़न करने का आरोप है। वह फिलहाल जेल में हैं।
अग्रवाल की पर्सनल असिस्टेंट मनप्रीत कौर को भी गिरफ्तार किया गया है। उन पर दो मामलों में यौन उत्पीड़न को जानबूझकर बढ़ावा देने या उसमें मदद करने का आरोप है। दोनों भारतीय नागरिकों को 11 अगस्त को लंदन के मेफेयर इलाके में 29 ब्रिक स्ट्रीट स्थित एक लग्जरी सर्विस्ड टाउनहाउस से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस को इस पते पर यौन उत्पीड़न की शिकायतें मिली थीं। दोनों को हिरासत में लेने के बाद 13 अगस्त को वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया, जहां उनके खिलाफ आरोप तय किए गए।
अग्रवाल पर चार बार यौन उत्पीड़न का आरोप
दिल्ली में जन्मे विजय अग्रवाल पर दो महिलाओं के साथ चार बार यौन उत्पीड़न का आरोप है। इनमें तीन घटनाएं 9 अगस्त को उसी प्रॉपर्टी में होने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने एक महिला को उसकी सहमति के बिना जानबूझकर यौन प्रकृति से छुआ।
एक अन्य आरोप 26 मई की घटना से संबंधित है। घटनाओं का संबंध उस चार मंजिला, पांच बेडरूम वाले सर्विस्ड टाउनहाउस से है, जहां मेड और रोजाना नाश्ते की सुविधा उपलब्ध है और जिसका किराया करीब 2.6 लाख रुपये प्रति रात बताया गया है।
पर्सनल असिस्टेंट पर अपराध में मदद का आरोप
मनप्रीत कौर पर 26 मई और 9 अगस्त को कथित यौन उत्पीड़न को बढ़ावा देने या उसमें मदद करने के आरोप हैं। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने नौकरी का एक कथित फर्जी विज्ञापन पोस्ट किया, जिसके जरिए दोनों महिलाओं को अग्रवाल से मिलवाया गया और उन्हें टाउनहाउस पर बुलाया गया।
मामले की अगली सुनवाई 10 सितंबर को साउथवार्क क्राउन कोर्ट में होगी। दोनों आरोपियों को हिरासत में भेज दिया गया है।
जांच के दौरान 11 अगस्त को गिरफ्तार किए गए एक 23 वर्षीय पुरुष और 43 वर्षीय महिला को आगे की जांच तक जमानत दे दी गई है। शिकायत करने वाली दोनों महिलाओं को विशेष अधिकारियों की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
Comments are closed.