उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं को डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख टैबलेट खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। खरीद प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र युवाओं को ये टैबलेट मुफ्त दिए जाएंगे।
योजना के तहत स्नातक और स्नातकोत्तर छात्रों के साथ डिप्लोमा, कौशल विकास और अन्य प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जुड़े पात्र युवाओं को टैबलेट का लाभ मिलेगा। उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, स्वास्थ्य शिक्षा, कौशल विकास और आइटीआइ में पंजीकृत युवाओं को भी योजना में शामिल किया गया है।
सरकार का मानना है कि टैबलेट मिलने से युवाओं को पढ़ाई और प्रशिक्षण के दौरान डिजिटल सामग्री तक आसान पहुंच मिलेगी। इससे ऑनलाइन संसाधनों के इस्तेमाल के साथ उनकी रोजगारपरक और तकनीकी दक्षता को भी बढ़ावा मिलेगा।
2,374 करोड़ रुपये का बजट
स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना पांच साल के लिए लागू है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में इसके लिए 2,374.60 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सरकार करीब 17 हजार रुपये की लागत से प्रत्येक टैबलेट खरीदेगी। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया में चयनित संस्थाओं को आपूर्ति के लिए क्रय आदेश जारी किए जाएंगे। इसके बाद पात्र लाभार्थियों को चरणबद्ध तरीके से टैबलेट उपलब्ध कराए जाएंगे।
सरकार के मुताबिक, योजना के तहत अब तक करीब 60 लाख टैबलेट और स्मार्टफोन युवाओं को दिए जा चुके हैं। नए 25 लाख टैबलेट के वितरण से योजना का दायरा और बढ़ेगा। कैबिनेट बैठक में युवाओं से जुड़े अन्य फैसले भी लिए गए। मुख्यमंत्री ने मंगलवार सुबह एक कार्यक्रम में अगले छह महीनों में एक लाख नौकरियां देने का लक्ष्य बताया। इसके अलावा मेडिकल छात्रों के इंटर्नशिप भत्ते में भी दो गुना से अधिक बढ़ोतरी का फैसला किया गया।
Comments are closed.