ट्रंप की टैरिफ नीति का कनाडा ने दिया जवाब, 20 अरब डॉलर के अमेरिकी सामान पर शुल्क

2

कनाडा ने अमेरिका की नई टैरिफ नीति के खिलाफ जवाबी कदम उठाते हुए करीब 20 अरब डॉलर के अमेरिकी सामान पर प्रतिशोधात्मक शुल्क लगाने की घोषणा की है।

नए शुल्क 8 सितंबर से लागू होंगे और करीब 700 उत्पादों को इसके दायरे में रखा गया है। कनाडा सरकार के अनुसार, अलग-अलग अमेरिकी उत्पादों पर 15%, 25% और 50% तक शुल्क लगाया जाएगा। स्टील, एल्युमिनियम, फर्नीचर और कपड़ों पर सबसे ज्यादा 50% टैरिफ लगेगा। वहीं, पनीर, उपकरण और कुछ समुद्री खाद्य पदार्थों पर 25% तथा इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य उपकरणों पर 15% शुल्क लगाया जाएगा।

यह फैसला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से कनाडाई उत्पादों पर लगाए गए नए 50% शुल्क के बाद आया है। करीब 20 अरब डॉलर के कनाडाई आयात पर अमेरिकी शुल्क शनिवार से प्रभावी हुए। दोनों देशों के बीच बातचीत बेनतीजा रहने के बाद व्यापारिक विवाद और गहरा गया है।

कनाडा के वित्त मंत्री फ्रैंकोइस-फिलिप चंपेन ने कहा कि सरकार ने जवाबी शुल्क के साथ श्रमिकों, किसानों, परिवारों और कारोबारियों के लिए बहु-अरब डॉलर के सहायता पैकेज की भी घोषणा की है। सरकार का दावा है कि इससे अमेरिकी टैरिफ के असर को कम करने में मदद मिलेगी।

प्रमुख उद्योगों को लेकर बढ़ा तनाव

कनाडा की उद्योग मंत्री मेलानी जोली ने कहा कि जवाबी शुल्क का मकसद कनाडाई कारोबार को अमेरिकी प्रतिस्पर्धा के दबाव से बचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि विदेशी कंपनियों को कनाडाई बाजार में घरेलू कारोबारियों से बेहतर स्थिति न मिले।

प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने अमेरिका पर कनाडा के प्रमुख उद्योगों को निशाना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बातचीत के दौरान यह स्पष्ट हो गया था कि अमेरिका ऑटोमोबाइल, स्टील और एल्युमिनियम जैसे क्षेत्रों पर दबाव बढ़ाना चाहता है।

कार्नी ने चेतावनी दी कि लंबे समय तक चलने वाला व्यापार संघर्ष दोनों देशों के कारोबार और श्रमिकों के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है।

ओंटारियो झील का नाम बदलने की ट्रंप की बात

अमेरिका-कनाडा व्यापार विवाद के बीच ट्रंप ने दोनों देशों की सीमा पर स्थित ओंटारियो झील का नाम बदलकर ‘लेक अमेरिका’ करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि कनाडा के ओंटारियो प्रांत के साथ भविष्य में अधिक व्यापार की उम्मीद नहीं है।

ओंटारियो कनाडा का सबसे अधिक आबादी वाला प्रांत है और देश के ऑटोमोबाइल उद्योग का प्रमुख केंद्र माना जाता है।

Comments are closed.