मिडिल ईस्ट में फिर टकराव के आसार: ईरान के 5 तेल टैंकर तबाह, तेहरान ने अमेरिका को दी चेतावनी

1

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंचता दिख रहा है।

अमेरिका ने मंगलवार को फारस की खाड़ी में खारग द्वीप के पास पांच ईरानी तेल टैंकरों को निशाना बनाया। सीएनएन से बातचीत में दो अमेरिकी अधिकारियों ने दावा किया कि ये टैंकर ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) से जुड़े थे। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई एक अमेरिकी युद्धपोत पर मिसाइल हमला करने की कथित कोशिश के जवाब में की गई।

अमेरिका ने हाल के दिनों में होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास ईरान पर सैन्य और आर्थिक दबाव बढ़ाया है। अमेरिकी नौसेना व्यावसायिक जहाजों की सुरक्षा कर रही है और ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी भी की जा रही है।

अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, पिछले दो दिनों में एक अमेरिकी युद्धपोत को बैलिस्टिक मिसाइलों से निशाना बनाने की ईरानी कोशिशों के जवाब में ये हमले किए गए। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब छह महीने से ज्यादा समय से जारी संघर्ष के बीच अमेरिका और ईरान के बीच दोबारा सीधा सैन्य टकराव बढ़ने की आशंका है।

ईरान ने दी तेल टैंकरों पर हमले की धमकी

अमेरिकी कार्रवाई के बाद ईरान ने जवाबी कदम उठाने की चेतावनी दी है। आईआरजीसी ने बहरीन और कुवैत के बंदरगाहों के आसपास मौजूद तेल टैंकरों को निशाना बनाने की धमकी दी है।

ईरानी सरकारी टेलीविजन पर जारी चेतावनी में कुवैत और बहरीन के बंदरगाहों के आसपास मौजूद तेल टैंकरों के चालक दल को तुरंत जहाज खाली करने को कहा गया। चेतावनी के मुताबिक, लंगर डाले या बंदरगाह पर खड़े जहाजों को भी निशाना बनाया जा सकता है।

27 एयरलाइंस पर अमेरिकी प्रतिबंध

इसी बीच ट्रंप प्रशासन ने ईरान के विमानन क्षेत्र पर भी नए प्रतिबंध लगाए हैं। अमेरिका ने 27 ईरानी एयरलाइंस और नौ सेवा प्रदाताओं को प्रतिबंधों के दायरे में रखा है।

यह घटनाक्रम ईरान द्वारा सोमवार को अमेरिकी नौसेना के जहाजों पर हमले की कथित कोशिश और सप्ताहांत में अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर तथा डिस्ट्रॉयर पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागे जाने के बाद सामने आया है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, इन हमलों में किसी अमेरिकी जहाज को नुकसान नहीं हुआ।

Comments are closed.