रूस-नाटो में बढ़ा तनाव: बाल्टिक सागर में डेनिश हेलीकॉप्टर के पास रूसी विमान ने दागीं फ्लेयर, फाइटर जेट्स ने घेरा

2

रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच यूरोप में सैन्य तनाव बढ़ता नजर आ रहा है।

बाल्टिक सागर के ऊपर डेनमार्क के एक सैन्य हेलीकॉप्टर के पास रूसी युद्धपोत द्वारा चेतावनी के तौर पर फ्लेयर दागे जाने की घटना ने चिंता बढ़ा दी है। इसी दौरान रूस के टीयू-95 बमवर्षक विमानों ने भी क्षेत्र में गश्त की, जिसके बाद नाटो के लड़ाकू विमानों ने उनकी निगरानी की।

डेनमार्क के प्रधानमंत्री ने हेलीकॉप्टर से जुड़ी घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी और इसे रूस की आक्रामक कार्रवाई बताया। घटना को लेकर डेनमार्क सरकार ने रूसी राजदूत को तलब कर औपचारिक विरोध दर्ज कराया है।

इसी बीच लिथुआनिया की राजधानी विलनियस के पास एक संदिग्ध ड्रोन को नाटो के विमानों ने मार गिराया। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ड्रोन किस देश से आया था और वह लिथुआनिया के हवाई क्षेत्र में किस उद्देश्य से दाखिल हुआ था।

लिथुआनिया रूस का पड़ोसी होने के साथ-साथ नाटो का सदस्य भी है। यूक्रेन युद्ध के बाद पहली बार उसके क्षेत्र में संदिग्ध ड्रोन की इस तरह की घटना सामने आने से क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर सवाल उठे हैं।

इससे पहले पोलैंड की सीमा से सटे यूक्रेनी क्षेत्र में रूस की ओर से लगातार दो दिनों तक ड्रोन हमले किए गए थे। इन घटनाओं के बाद नाटो महासचिव मार्क रूट ने रूस पर दबाव बनाने और डर का माहौल पैदा करने की कोशिश का आरोप लगाया था। उन्होंने नाटो की सैन्य क्षमता को कम करके नहीं आंकने की चेतावनी भी दी थी।

दूसरी ओर, रूस और यूक्रेन के बीच ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमले रोकने को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पहल से बनी सहमति पर क्रेमलिन ने सकारात्मक रुख दिखाया है।

रूसी राष्ट्रपति कार्यालय ने इसके साथ ही रूस के तेल और गैस पर लगाए गए प्रतिबंध हटाने की मांग दोहराई है। क्रेमलिन के मुताबिक, प्रतिबंधों में ढील से वैश्विक ऊर्जा बाजार में आपूर्ति की स्थिति बेहतर हो सकती है और तेल की बढ़ती कीमतों पर भी असर पड़ सकता है।

वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि यदि रूस समझौते के तहत संबंधित क्षेत्रों और ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमले सीमित करता है, तो यूक्रेन भी अपनी सैन्य कार्रवाई को उसी के अनुरूप सीमित करेगा। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर यूक्रेन अपने सहयोगी देशों की सलाह और समन्वय के आधार पर आगे बढ़ेगा।

Comments are closed.