5 दिन तक बैंकिंग सेवाओं पर असर! हड़ताल से पहले SBI ने ग्राहकों को किया अलर्ट

0

देशभर में 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल को लेकर भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपने ग्राहकों को एडवाइजरी जारी की है। बैंक ने कहा है कि शाखा में जाकर कराए जाने वाले जरूरी काम हड़ताल शुरू होने से पहले ही निपटा लेना बेहतर होगा।

डिजिटल सेवाओं पर निर्भर रहने की सलाह

SBI ने ग्राहकों से अपील की है कि हड़ताल के दौरान बैंकिंग जरूरतों के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म और वैकल्पिक सेवाओं का इस्तेमाल करें। बैंक के मुताबिक, नकदी से जुड़े कामों के लिए ATM, ADWM और ग्राहक सेवा केंद्रों (CSP) का सहारा लिया जा सकता है।

पैसे ट्रांसफर करने, बिल जमा करने और दूसरे नियमित लेनदेन के लिए ग्राहक SBI YONO, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और UPI जैसी सेवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं।

पांच दिन प्रभावित रह सकता है बैंकिंग कामकाज

बैंक हड़ताल के कारण ग्राहकों की परेशानी बढ़ सकती है, क्योंकि 26 और 27 सितंबर को शनिवार और रविवार हैं। इसके बाद 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिन की हड़ताल प्रस्तावित है। इस तरह बैंक शाखाओं में लगातार पांच दिनों तक सामान्य कामकाज प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है।

SBI ने कहा है कि हड़ताल के दौरान जरूरी बैंकिंग सेवाओं को जारी रखने की कोशिश की जाएगी। हालांकि, चेक क्लीयरेंस, दस्तावेज जमा करने और कर्मचारियों की प्रत्यक्ष मदद वाले अन्य कार्यों में देरी हो सकती है।

UFBU ने किया है हड़ताल का आह्वान

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। इससे पहले 11 सितंबर को भी एक दिन की बैंक हड़ताल हो चुकी है।

यूनियनों ने 26 अक्टूबर से लगातार हड़ताल का प्रस्ताव भी रखा है। SBI ने ग्राहकों से अपील की है कि वे संभावित असुविधा को देखते हुए जरूरी शाखा-आधारित काम पहले ही पूरा कर लें और जहां संभव हो, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल करें।

Comments are closed.