बारिश का कहर! ओडिशा में हालात बिगड़े, यूपी-उत्तराखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

1

मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने दिल्ली, बिहार, मध्य प्रदेश समेत देश के 15 राज्यों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान भारी से मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में रेड और ऑरेंज अलर्ट के चलते प्रशासन को सतर्क किया गया है।

दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका है। बिहार और मध्य प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, ओडिशा, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा में भी बारिश का दौर तेज रहने का अनुमान है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने, गैर-जरूरी यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। भारी बारिश के असर को देखते हुए कुछ इलाकों में स्कूल बंद रखने के आदेश भी जारी किए जा सकते हैं।

यूपी में कई जिलों में रेड अलर्ट

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश और संभावित बाढ़ के खतरे के बीच 26 सितंबर को संबंधित जिलों में स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी और नालों के आसपास नहीं जाने तथा सतर्क रहने की अपील की है।

उत्तराखंड में दो दिन भारी बारिश का खतरा

उत्तराखंड में अगले दो दिनों तक भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश के कारण भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है। देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी में भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि नैनीताल, उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, निम्न दबाव वाले क्षेत्र के बनने और उसके तेजी से उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने के कारण कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं। अगले कुछ दिनों में भी कई इलाकों में भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।

Comments are closed.