TCS केस में आरोपी निदा खान की बढ़ी मुश्किलें, पति ने कोर्ट का रुख कर मांगा तलाक

2

नासिक की पारिवारिक अदालत ने टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) की नासिक इकाई से जुड़े कथित यौन उत्पीड़न और मतांतरण मामले में आरोपित निदा खान को समन भेजा है। यह कार्रवाई उनके पति की ओर से दायर तलाक की याचिका के बाद की गई है।

सूत्रों के मुताबिक, निदा खान के पति ने विवाह खत्म करने की मांग को लेकर अदालत में याचिका दायर की थी। इसी याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने 22 अगस्त को समन जारी किया। निदा खान या उनके वकील को 16 अक्टूबर को अदालत के समक्ष उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।

TCS मामले में गिरफ्तार की गई निदा खान को बाद में जमानत मिल गई थी। मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) अब तक दो आरोपपत्र दाखिल कर चुका है।

अभियोजन पक्ष ने आरोप लगाया है कि पीड़िता का कथित तौर पर यौन शोषण किया गया और उसे मतांतरण के लिए प्रेरित या दबाव में लाने की कोशिश की गई। जांच एजेंसी का दावा है कि आरोपी को पीड़िता के अनुसूचित जाति से होने की जानकारी थी और इसके बावजूद उसके मतांतरण की कोशिश की गई।

मामला देवलाली कैंप पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर से जुड़ा है। इसमें धोखाधड़ी समेत अन्य माध्यमों से यौन संबंध बनाने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसे आरोप लगाए गए हैं।

अदालत के समक्ष अभियोजन पक्ष ने कहा कि उपलब्ध तथ्यों से पीड़िता के कथित यौन शोषण और मतांतरण की कोशिश के आरोप सामने आते हैं। हालांकि, इन आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी।

Comments are closed.