कनाडा में फर्जी वीजा एजेंटों की अब खैर नहीं, धोखाधड़ी पर 15 लाख डॉलर तक जुर्माना; 28 अक्टूबर से नए नियम लागू
कनाडा में इमिग्रेशन और नागरिकता के नाम पर ठगी करने वाले एजेंटों के खिलाफ सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है। विदेशी नागरिकों को गुमराह करने, गलत जानकारी देकर आवेदन कराने और बिना अनुमति इमिग्रेशन सेवाएं देने वालों पर अब भारी आर्थिक जुर्माना लगाया जाएगा। नए नियमों के तहत अलग-अलग उल्लंघनों पर 5,000 से 15,000 कनाडाई डॉलर तक का जुर्माना हो सकता है। वहीं, बार-बार नियम तोड़ने वालों पर सभी उल्लंघनों को मिलाकर अधिकतम 15 लाख कनाडाई डॉलर तक की पेनल्टी लगाई जा सकती है।
28 अक्टूबर से प्रभावी हुए नए नियम
इमिग्रेशन, रिफ्यूजीज एंड सिटिजनशिप कनाडा (IRCC) ने आधिकारिक घोषणा में बताया कि नए दंडात्मक प्रावधान 28 अक्टूबर से लागू हो गए हैं। इनका उद्देश्य इमिग्रेशन और नागरिकता के लिए आवेदन करने वाले लोगों को धोखाधड़ी, गलत सलाह और आर्थिक शोषण से बचाना है।
नए कानून के दायरे में लाइसेंस प्राप्त इमिग्रेशन सलाहकार, वकील और अन्य अधिकृत प्रतिनिधि शामिल हैं। इसके अलावा, ऐसे लोग भी कार्रवाई के दायरे में आएंगे जो बिना जरूरी अनुमति के पैसे लेकर विदेशी नागरिकों को इमिग्रेशन या नागरिकता संबंधी सलाह देते हैं।
गलत जानकारी देने पर 15 हजार डॉलर तक जुर्माना
कनाडा सरकार ने अलग-अलग तरह के उल्लंघनों के लिए जुर्माने की सीमा निर्धारित की है।
बिना अधिकृत हुए पैसे लेकर इमिग्रेशन संबंधी सलाह देने या किसी आवेदक का प्रतिनिधित्व करने पर 5,000 कनाडाई डॉलर तक जुर्माना लगाया जा सकता है।
जानबूझकर गलत या भ्रामक जानकारी देने अथवा आवेदक को ऐसी जानकारी जमा कराने में मदद करने पर 15,000 कनाडाई डॉलर तक की पेनल्टी हो सकती है।
यदि गलत जानकारी के आधार पर किसी का आवेदन मंजूर हो जाता है, तो अतिरिक्त जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
बार-बार नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माने की रकम बढ़ेगी और कुल पेनल्टी 15 लाख कनाडाई डॉलर तक पहुंच सकती है।
2027 में बनेगी ऑनलाइन रजिस्ट्री, सार्वजनिक होंगे नाम
नए नियमों के तहत कनाडा सरकार जुर्माना झेलने वाले प्रतिनिधियों के नाम और उनके उल्लंघनों का विवरण भी सार्वजनिक करेगी। IRCC की योजना है कि पहला जुर्माना लगाए जाने के बाद 2027 में एक ऑनलाइन रजिस्ट्री शुरू की जाए।
इस व्यवस्था से कनाडा में बसने, वर्क परमिट, स्टडी परमिट या नागरिकता के लिए आवेदन करने वाले लोगों को प्रतिनिधियों का रिकॉर्ड जांचने में मदद मिलेगी। किसी एजेंट को नियुक्त करने से पहले आवेदक यह पता लगा सकेंगे कि उसने पहले इमिग्रेशन नियमों का उल्लंघन तो नहीं किया है।
वीजा एजेंट को पैसे देने से पहले करें पड़ताल
कनाडा सरकार ने आवेदकों को चेतावनी दी है कि किसी भी इमिग्रेशन एजेंट या सलाहकार को नियुक्त करने और भुगतान करने से पहले उसकी अधिकृत स्थिति की जांच जरूर करें। इसके लिए IRCC की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों की मदद ली जा सकती है।
सरकार का मानना है कि सख्त जुर्माने और सार्वजनिक रजिस्ट्री से फर्जी प्रतिनिधियों की पहचान करना आसान होगा। इससे कनाडा जाने की तैयारी कर रहे विदेशी नागरिकों को ठगी से बचाने और इमिग्रेशन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
Comments are closed.