महंगे मकानों और किराए के खिलाफ स्पेन में सड़कों पर उतरे लोग, पुलिस से झड़प; कई गाड़ियां आग के हवाले

1

स्पेन में बुधवार को खराब मौसम के बावजूद आवास संकट के खिलाफ देशव्यापी हड़ताल और विरोध प्रदर्शनों का आयोजन किया गया।

घरों की लगातार बढ़ती कीमतों और आम लोगों के लिए मकान खरीदना मुश्किल होने के विरोध में हजारों लोगों ने सड़कों पर उतरकर अपनी नाराजगी जाहिर की। सार्वजनिक परिवहन सेवाओं पर भी हड़ताल का असर पड़ने की आशंका जताई गई।

करीब 14 साल बाद स्पेन में इस तरह की पहली आम हड़ताल हुई है। इससे पहले 2012 में यूरो क्षेत्र के कर्ज संकट के दौरान सरकार की मितव्ययिता नीतियों के खिलाफ देशव्यापी हड़ताल की गई थी। इस बार प्रमुख श्रमिक संगठनों UGT और CCOO ने आंदोलन का समर्थन किया। इन संगठनों से 10 लाख से अधिक कर्मचारी जुड़े हैं। बढ़ते किराये और आवास की समस्या से परेशान किरायेदार समूह भी प्रदर्शन में शामिल हुए।

प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज की सरकार के लिए आवास का मुद्दा राजनीतिक रूप से अहम बन गया है। 29 नवंबर को होने वाले चुनाव से पहले सांचेज इस संकट को लेकर जनता की नाराजगी का सामना कर रहे हैं। वहीं, उनके करीबी सहयोगियों से जुड़े भ्रष्टाचार के मामलों और पिछले महीने हुए भीषण रेल हादसे ने भी सरकार पर दबाव बढ़ाया है। सर्वेक्षणों में उनकी सोशलिस्ट पार्टी विपक्षी दलों से पीछे चल रही है।

हड़ताल के आयोजकों ने इसे सफल बताया, हालांकि अलग-अलग इलाकों में इसका असर अलग-अलग रहा। तटीय क्षेत्रों में भागीदारी अपेक्षाकृत अधिक देखने को मिली। मैड्रिड की प्रमुख सड़क ग्रान विया पर प्राइमार्क, एचएंडएम और पुल एंड बियर जैसे कई बड़े स्टोर बंद रहे। इलाके में बड़ी संख्या में दंगा-रोधी पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। बार्सिलोना में भी कई दुकानों के शटर गिरे रहे और कुछ प्रतिष्ठानों को सुरक्षा के मद्देनजर बंद रखा गया।

स्पेन के केंद्रीय बैंक के मुताबिक, देश में करीब 7.5 लाख घरों की कमी है। अनुमान है कि वर्ष 2028 तक यह आंकड़ा 10 लाख से अधिक हो सकता है। आवास की बढ़ती मांग और सीमित आपूर्ति के कारण घरों की कीमतों तथा किराये में लगातार इजाफा हो रहा है।

इस बीच, मैड्रिड के थोक बाजार मर्कामाद्रिद में भी तनाव की स्थिति बनी। यूनियन के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर पेपर स्प्रे का इस्तेमाल किया और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। घटना में 13 लोगों को चिकित्सा सहायता की जरूरत पड़ी। पुलिस के प्रवक्ता ने गिरफ्तारी की पुष्टि की, हालांकि पेपर स्प्रे के इस्तेमाल पर कोई टिप्पणी नहीं की।

Comments are closed.