इटली का मेटा पर बड़ा जुर्माना, 887 मिलियन डॉलर चुकाने होंगे; 60 दिन में विवादित फीचर बंद करने का आदेश
निजी तस्वीरों तक पहुंचने के आरोप में Meta पर 887 मिलियन डॉलर का जुर्माना, 60 दिन में फीचर बंद करने का आदेश
इटली की डेटा संरक्षण एजेंसी ने सोशल मीडिया कंपनी मेटा पर 805 मिलियन यूरो यानी करीब 887 मिलियन डॉलर का जुर्माना लगाया है। कंपनी पर आरोप है कि उसने एंड्रॉयड यूजर्स की जानकारी और स्पष्ट सहमति के बिना उनके फोन की निजी तस्वीरों और वीडियो तक पहुंच बनाई। इस कार्रवाई से इटली के करीब दो करोड़ एंड्रॉयड यूजर्स प्रभावित हुए हैं।
एजेंसी की जांच में सामने आया कि फेसबुक ऐप का एक फीचर यूजर्स की निजी गैलरी में मौजूद तस्वीरों और वीडियो तक पहुंच सकता था। इस फीचर के जरिए यूजर्स को उनकी गैलरी की सामग्री फेसबुक पर पोस्ट करने के सुझाव दिए जाते थे। डेटा संरक्षण एजेंसी ने इस व्यवस्था को लेकर आपत्ति जताई और मेटा को इसमें बदलाव करने का निर्देश दिया।
60 दिनों में फीचर डिफॉल्ट रूप से बंद करना होगा
इटली की एजेंसी ने मेटा को 60 दिनों की समयसीमा दी है। इस दौरान कंपनी को संबंधित फीचर को डिफॉल्ट रूप से बंद करना होगा। साथ ही, यूजर्स की निजी गैलरी की सामग्री का इस्तेमाल करने से पहले उनसे अलग और स्पष्ट सहमति लेना भी जरूरी होगा।
मेटा ने फैसले पर जताई आपत्ति
मेटा ने इटली की डेटा संरक्षण एजेंसी के फैसले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कंपनी के प्रवक्ता के मुताबिक, यह एक सामान्य फीचर है, जिसे फेसबुक पर तस्वीरें और वीडियो साझा करने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए तैयार किया गया है।
कंपनी का दावा है कि यूजर्स को अपने डिवाइस पर इस फीचर के लिए अनुमति देनी होती है और वे किसी भी समय अपनी सेटिंग बदल सकते हैं। मेटा ने जुर्माने को अनुचित बताया है और इसके खिलाफ अपील करने का ऐलान किया है।
Comments are closed.